उद्योगों को भी नहरी पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार औद्योगिक इकाइयों के लिए भी नहरी पानी का तर्कसंगत उपयोग सुनिश्चित करेगी। उद्योग जगत जो भी मांग करेगा, राज्य सरकार उसे जल्द पूरा करेगी।
पुलिस व यातायात प्रबंधन में एआई का उपयोग
मान ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और यातायात प्रबंधन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग करने की तैयारी कर रही है। इससे पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली को वैज्ञानिक आधार पर अपनाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन सम्मेलन से 1500 करोड़
मान ने कहा कि अमृतसर में 50-100 एकड़ क्षेत्र में एक सेलिब्रेशन पॉइंट बनाया जाएगा। हाल ही में हुए पर्यटन सम्मेलन में निवेशकों ने राज्य में करीब 1500 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई है। सरकार के प्रयासों से राज्य में अब तक 50,840 करोड़ रुपये का निवेश आया है। टाटा स्टील ने जमशेदपुर के बाद पंजाब में दूसरा सबसे बड़ा निवेश किया है। इसी तरह जिंदल स्टील, वर्बियो, क्लास, टैफे, हिंदुस्तान लिवर समेत कई बड़ी कंपनियां राज्य में निवेश कर रही हैं। इससे 2.25 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
हम आपको अपना साझेदार मानते हैं: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मान सरकार उद्योगपतियों को अपना भागीदार मानती है, जिनके बिना राज्य का विकास संभव नहीं होगा। पंजाब में आप सरकार उद्योग को फलने-फूलने के लिए अनुकूल माहौल देगी। पिछली सरकारें उद्योगपतियों को शक की निगाह से देखती थीं और हमेशा सोचती थीं कि वे उनका कितना फायदा उठा सकते हैं। हम आपको अपना भागीदार मानते हैं।
उन्होंने भगवंत मान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब मान साहब सीएम बने तो कई लोगों ने कहा कि वह एक कलाकार हैं और उन्हें संदेह था कि वह सरकार चला पाएंगे या नहीं। आज, मैं कह सकता हूं कि वह देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशासकों में से एक हैं। यह मैं लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर कह रहा हूं। वह पंजाब के अब तक के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री साबित हो रहे हैं।
बलिदानियों की याद में मौन
मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में शुरुआत में जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में बलिदान हुए मोहाली के कर्नल मनप्रीत सिंह और अन्य जवानों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।
पंजाब के फोकल प्वाइंट में खोली जाएंगी 14 पुलिस चौकियां और थाने
भगवंत मान ने एलान किया कि इंडस्ट्रियल एरिया में लूट की वारदातें बढ़ गई हैं। इसके बाद व्यापारियों ने सुरक्षा चौकियां को बनाने का निवेदन किया। अब सरकार ने फोकल प्वाइंट में 14 चौकियां और थाने स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसमें अमृतसर फोकल प्वाइंट में एक, जालंधर के लेदर कांप्लेक्स में एक और होशियारपुर में दो चौकी का निर्माण किया जाएगा।
बठिंडा के इंडस्ट्रियल एरिया ग्रोथ सेंटर, फतेहगढ़ साहिब के फोकल प्वाइंट अजनाली और पटियाला फोकल प्वाइंट में एक-एक चौकी का निर्माण होगा। लुधियाना की ईश्वर कॉलोनी, इंडस्ट्री एरिया, ढंडारी कलां, शेरपुर, ग्यासपुर और एल्डिको में छह चौकियों के अलावा खन्ना के दोराहा में एक चौकी स्थापित की जाएगी। आईटी सिटी मोहाली में इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की मांग पर नया थाना खोला जाएगा।