पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सौंपे नियुक्ति पत्र।
- फोटो : twitter @CMOPb
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को 2373 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एलान किया कि नवनियुक्त मुलाजिमों को उनके घरों के निकट ही पोस्टिंग दी जाएगी। इस बीच, युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्रों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के फोटो लगे होने से नया विवाद खड़ा हो गया, क्योंकि इससे पहले राज्य की विभिन्न योजनाओं संबंधी वस्तुओं और दस्तावेजों पर तत्कालीन मुख्यमंत्रियों के फोटो लगाए पर आम आदमी पार्टी एतराज जताती रही है।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र बांटते हुए अपने संबोधन में विरोध प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य सरकार का साथ देने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार भर्ती प्रक्रिया संबंधी आवश्यक कार्यों को पूरा करने के लिए संजीदगी से काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वह धैर्य रखें और कुछ समय प्रतीक्षा करें, जिससे सरकार नियुक्ति पत्र जारी करने के लिए औपचारिकताएं पूरी कर सके। प्रदर्शन कर रहे नौकरी के इच्छुक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने में जल्दबाजी में की गई कार्रवाई में यदि कोई इसे अदालत में चुनौती देता है तो इस प्रक्रिया को पूरा करने में और मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई देते हुए भगवंत मान ने संबंधित मंत्रियों को नवनियुक्त युवाओं को उनके निवास स्थान के नजदीक तैनात करने को कहा, जिससे वह पूरी लगन और ईमानदारी से अपनी सेवाएं निभा सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके उलट पिछली सरकारों द्वारा जानबूझ कर सरकारी कर्मचारियों को परेशान करने के लिए दूर-दूराज़ के स्थानों पर तैनात किया जाता था। हालांकि, उन्होंने युवाओं से यह भी कहा कि वह दूर-दूराज के स्थानों पर तैनाती से भी संकोच न करें, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और शीर्ष के फिल्मी सितारों अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसी महान हस्तियों ने अपने कॅरियर में अपने सपनों को साकार करने के लिए अपने घर-बार छोड़े थे।
नियुक्ति पत्रों पर भगवंत मान के फोटो से उठा विवाद
मुख्यमंत्री की ओर से बुधवार को वितरित किए गए नियुक्ति पत्रों पर राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का फोटो लगा दिया है। इससे पहले भी राज्य की सरकारें अपने-अपने मुख्यमंत्रियों की फोटो का उपयोग इस उद्देश्य से करती रही हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इस परंपरा का हमेशा विरोध किया है। इस बार सीएम मान की फोटो लगाए जाने के बारे में जब आप नेताओं से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 70 साल यही होता रहा, तब तो किसी ने ऐतराज नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कोरोना महामारी की पहली लहर के दौरान राज्य सरकार द्वारा कोरोना मरीजों को बांटी गई फतेह किटों पर कैप्टन अमरिंदर सिंह की फोटो लगवाई थी। इससे पहले, प्रकाश सिंह बादल ने मुख्यमंत्री रहते हुए बीपीएल परिवारों के नीले राशन कार्डों पर दिए जाने वाले सस्ता आटा-दाल के थैलों पर प्रकाश सिंह बादल की फोटो लगाई गई थी। इसके अलावा स्कूल जाने वाली लड़कियों को बांटी गई साइकिलों पर भी प्रकाश सिंह बादल की फोटो लगाई गई थी।