मार्कफेड और वेरका को राज्य की सहकारिता का केंद्र बताते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार विदेश में बसने वाले पंजाबियों वाले मुल्कों में इन संस्थाओं का कारोबार बढ़ाने की योजना बना रही है। मुख्यमंत्री ने मार्कफेड द्वारा तैयार किए गए उत्पाद भी लॉन्च किए। इस अवसर पर मार्कफेड के चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही, अतिरिक्त मुख्य सचिव सहकारिता अनुराग अग्रवाल और एमडी मार्कफेड रामवीर भी उपस्थित रहे।
पीटीएम में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने की अपील
शिक्षा को प्राथमिक क्षेत्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार राज्य में 24 दिसंबर को सरकारी स्कूलों में अध्यापक-अभिभावक भेंट (पीटीएम) करवाई जा रही है, जिससे अभिभावकों को अध्यापकों से अपने बच्चे की शख्सियत संबंधी विस्तार में जानने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी अभिभावकों को इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में स्थापित किए जा रहे स्कूल ऑफ एमिनेंस से 9वीं और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भविष्य में मनपसंद पेशे चुनने के लिए तैयारी करवाई जाएगी।
मार्च 2023 तक स्थापित होंगे 750 क्लीनिक
राज्य में स्थापित किए गए 100 आम आदमी क्लीनिकों द्वारा आम लोगों को मिल रहे मुफ्त इलाज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी, 2023 तक इन क्लीनिकों की संख्या 350 की जा रही है और 31 मार्च, 2023 तक 750 आम आदमी क्लीनिक स्थापित हो जाएंगे। इससे पंजाब निवासियों को उनके घरों के नजदीक ही मुफ्त और बेहतर इलाज हासिल होगा।