पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : एएनआई
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को रेत ठेकेदारों को राज्य सरकार द्वारा तय की गई दरों पर लोगों को रेत की आपूर्ति सुनिश्चित करने के अलावा खनन शर्तों का सख्ती से पालन करने को कहा है। लोगों को सस्ती दरों पर निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा खनन नीति की बारीकी से समीक्षा की जा रही है, ताकि नई खनन नीति तैयार की जा सके।
खनन और भूविज्ञान विभाग भी मौजूदा खनन स्थानों पर रेत की उपलब्ध मात्रा का फिर से मूल्यांकन कर रहा है और व्यापक अध्ययन के बाद नई खनन नीति में नए स्थानों को भी शामिल किया जाएगा। मान ने यह भी कहा कि खनन और भूविज्ञान विभाग को आवश्यक स्टाफ और नवीनतम प्रौद्योगिकी के साथ मजबूत किया जाएगा, ताकि इसकी क्षमता में वृद्धि की जा सके।
ठेकेदारों ने स्थानीय नेताओं और छोटे राजनीतिक पदाधिकारियों के इशारे पर काम करने वाले लोगों के अलावा पुलिस द्वारा परेशान किए जाने का मुद्दा उठाया, जिसके जवाब में भगवंत मान ने उन्हें अपने किसी भी मंत्री, विधायक या पार्टी वॉलंटियर द्वारा किसी भी तरह की दखलंदाजी या किसी भी तरह का राजनीतिक दबाव ना डाले जाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, ‘इस सबके बावजूद यदि एक-दो मामलों में कोई आपको गैरकानूनी गतिविधि करने के लिए मजबूर करता है तो इस बातचीत का ऑडियो या वीडियो रिकॉर्ड करके भ्रष्टाचार रोधी एक्शन लाइन नंबर 9501-200-200 पर अपलोड कर दें। अवैध गतिविधियों में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।’
भगवंत मान ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि यदि रेत के ठेकेदारों द्वारा की जा रही गड़बड़ी की कोई भी शिकायत उनके संज्ञान में लाई जाती है तो उनके विरुद्ध भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी और उनके साथ किसी किस्म की नरमी नहीं बरती जाएगी।