मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर तंज कसा और कहा कि जब बजने लगीं हार के खतरे की घंटियां तो मोदी और अमित शाह को याद आने लगी केजरीवाल की गारंटियां। उन्होंने कहा कि आम आदमी पर फ्रीबी और मुफ्त गारंटी देकर वोट बटोरने का आरोप लगाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अब हार के डर से खुद भी जनता को विकास और मुफ्त सुविधाओं की गारंटी देने लगे हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि नवनियुक्त 1619 ब्लाक प्रधानों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ब्लाक प्रधानों को ट्रेनिंग देने के बाद पंजाब के हर गांव के अंतिम घर का दरवाजा खटखटाया जाएगा। ब्लाक प्रधान हर घर के हर सदस्य को पार्टी की उपलब्धियां बताएंगे। इसके अलावा जो खामियां रह गई हैं, उन्हें सुधारने के लिए जनता से ही सुझाव लिए जाएंगे।
नवनियुक्त ब्लाक प्रधान पंजाब के हर गांव में पार्टी की 21 सदस्यीय कमेटी का गठन करेंगे। शपथ ग्रहण समागम में आने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के साथ एतिआणा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय सिविल एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने निर्माण में जुटी कंपनियों के अधिकारीयों को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।