देश में काले धन और भ्रष्टाचार से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 500 और 1000 रूपये के नोटों पर पाबंदी लगाने की पहल का पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने स्वागत किया है।
बुधवार को एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से काले धन, जाली करेंसी और भ्रष्टाचार रोकने में मदद मिलेगी, जो लंबे समय से देश की अर्थव्यवस्था को क्षति पहुंचा रही थी। बादल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पद संभालने के पहले दिन से ही देशवासियों को धन के मामले में नियमित तौर पर टैक्सों का भुगतान करने पर जोर डाला था ताकि देश में समूचे विकास और सामाजिक समानता की गति को तेज किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्तीय मामले पर प्रधानमंत्री की सोच से भारतीय अर्थव्यवस्था में वित्तीय अनुशासन और ईमानदारी पैदा होगी। उन्हाेंने कहा कि 500 और 1000 रुपये के नोटों पर पाबंदी लगाने से सीमा पार भारत में आतंकवादी सरगर्मियों के लिए जाली करेंसी भेजने के मामलों से भी निपटा जा सकेगा। सीमांत राज्य होने के नाते पंजाब को इससे बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा था।