भारतीय चुनाव आयोग ने शनिवार को विधानसभा हलका नंबर-29 फगवाड़ा (एससी), विधानसभा हलका नंबर-39 मुकेरियाँ, विधानसभा हलका नंबर-68 दाखा और विधानसभा हलका नंबर-79 जलालाबाद में उपचुनाव करवाने संबंधी कार्यक्रम का एलान कर दिया है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस. करुणा राजू ने बताया कि इस चुनाव संबंधी नोटिफिकेशन सोमवार 23 सितंबर को जारी होगा हालांकि आचार संहिता शनिवार को चुनाव की घोषणा के साथ ही लागू हो गई है। सोमवार से ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जो 30 सितंबर तक जारी रहेगी।
डॉ. राजू ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 1 अक्तूबर, 2019 को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख़ 3 अक्तूबर, 2019 निश्चित की गई है। चारों विधानसभा हलकों में 21 अक्तूबर, 2019 को मतदान होगा और वोटों की गिनती व नतीजों का एलान 24 अक्तूबर, 2019 को किया जाएगा।
डॉ. राजू ने बताया कि चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार अधिक से अधिक 28 लाख रुपये चुनाव प्रचार पर खर्च सकता है। इसके अलावा संबंधित जिलों के डिप्टी कमिश्नरों को चुनाव आचार संहिता संबंधी मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब द्वारा हुक्म दे दिए गए हैं।