पंजाब भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने नौ दिसंबर को दिल्ली में बैठक बुलाई है। इसमें प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है।
इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में शामिल उम्मीदवारों के नामों पर मंथन होगा। बैठक में शामिल होने वालों में से कुछ अध्यक्ष पद के लिए फ्रंट रनर हैं, लेकिन उनसे वन-टु-वन चर्चा पार्टी की नीति के तहत होगी। उनसे यह भी पूछा जा सकता है कि यदि उन्हें अध्यक्ष बनने का मौका नहीं मिला तो इस पद के लिए किसे योग्य समझते हैं।
मंथन का दौर जारी
चुनाव से जुड़ी पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव 15 से 31 दिसंबर के बीच होना है। भाजपा के नॉर्थ-ईस्ट जोनल संगठन प्रभारी अजय जमवाल और पंजाब इकाई के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार इन दिनों चंडीगढ़ में हैं। उनके साथ पार्टी नेताओं की मुलाकात चल रही है।
हालांकि, अधिकृत रूप से इन मुलाकातों को रूटीन कहा जा रहा है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौरान चुनाव पर गंभीर चर्चा हो रही है। अजय जमवाल से मुलाकात को खास इसलिए माना जा रहा है कि मौजूदा संगठन महामंत्री दिनेश से पहले वह इस पद पर तैनात थे और लंबे समय तक यहां रहे।
इन नामों पर हो रहा मंथन
प्रदेश के नए अध्यक्ष के रूप में वर्तमान अध्यक्ष कमल शर्मा सहित मनोरंजन कालिया, अश्वनी शर्मा, तरुण चुघ, राकेश राठौर, तीक्ष्ण सूद के नाम चर्चा में हैं। सूत्रों के मुताबिक इन नामों में से ही एक पर मुहर लगेगी।
कोट
---
‘चुनाव के संबंध में राष्ट्रीय स्तर पर कोई बैठक हो रही है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है। वैसे नेता और कार्यकर्ता रूटीन में पार्टी मुख्यालय आते हैं तो वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हो ही जाती है।’
-तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव भाजपा