सुर्खियों में आए सहारा समूह के प्रबंधक पर बठिंडा में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। एफडी के लिए दी गई राशि को खुर्दबुर्द करने और खातों में जमा न करने का आरोप लगाया गया है।
बठिंडा निवासी पवन कुमार ने थाना कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि इस कंपनी के झांसे में आकर उसने कंपनी के जिला मैनेजर संतोष कुमार को 6 लाख अपनी दोहतियों के नाम एफडी के लिए दिए। कंपनी प्रबंधक ने फर्जी रसीद बनाकर दे दी लेकिन पैसे जमा नहीं करवाए।
इस संबंध में जब सहारा के कार्यालय को संपर्क किया गया तो बताया कि संतोष कुमार पहले बठिंडा था। बाद में उसकी बदली ब्रांच प्रबंधक बरनाला में कर दी थी। वह और भी कुछ लोगों के पैसे ले गया है जो करोड़ों में है। कंपनी ने भी संतोष कुमार के खिलाफ केस दर्ज करवाया है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला।
पवन ने बताया कि उसने सहारा कार्यालय में भी बातचीत की थी लेकिन वहां से उन्हें संतुष्ट नहीं किया गया। उन्हें लगता है कि कंपनी के कई ओर कर्मचारी भी इस धोखाधड़ी में शामिल हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।