आम आदमी पार्टी के पंजाब संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2017 की टिकटों को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा है कि 2017 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी भ्रष्ट, आपराधिक छवि और बेइमान लोगों को टिकट नहीं देगी। छोटेपुर श्री माछीवाड़ा साहिब में गांधी चौक में आयोजित रैली में बोल रहे थे।
छोटेपुर ने कहा कि चुनाव में पंजाब की जनता के समक्ष आप नया विकल्प पेश कर रही है। कांग्रेस और अकाली दल को आड़े हाथ लेते हुए छोटेपुर ने कहा कि राज्य में आप की सरकार आने पर मजीठिया पर शिकंजा कसा जाएगा।
माछीवाड़ा की नगर काउंसिल के बारे में छोटेपुर ने कहा कि नौ साल पहले वे इस धार्मिक नगरी में आए थे, तब भी सड़कों का बुरा हाल था, आज भी वही हालत बनी हुई है। खुद को पंथ का हितैषी होने का दावा करने वाली राज्य की अकाली सरकार इस धार्मिक नगरी की दशा नहीं सुधार सकी।
माछीवाड़ा को धार्मिक नगरी का दर्जा तो दे दिया गया लेकिन लोगों को सुविधाएं देने में पंथक सरकार नाकाम रही। राज्य में आप की सरकार आने पर धार्मिक महत्व वाले शहर, चाहे वे किसी भी धर्म से संबंधित हों, का पहल के आधार पर विकास किया जाएगा। आप की माछीवाड़ा रैली में पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी गायब रहे।