जिला चुनाव अधिकारी कम डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा ने कहा है कि पंजाब में इस बार ऑनलाइन नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इसकी जानकारी डीसी ने बचत भवन में चुनावी अमले से बैठक के दौरान दी।
इस मौके पर डीसी ने जिले के तीन विधानसभा हलकों 54-बसी पठाणा, 55-फतेहगढ़ साहिब और 56-अमलोह की वोटर सूचियों की कापी और सीडी सौंपने के लिए बैठक की। चुनाव कमिशन से शिकायत या जानकारी लेने के लिए चुनाव कमीशन के टोल फ्री नंबर 1800-180-2806 पर संपर्क किया जा सकता है।
संघा ने बताया कि किसी भी सरकारी इमारत पर पोस्टर, बैनर या होर्डिंग न लगाए जाएं। प्राइवेट इमारत पर भी जायदाद के मालिक के साथ लिखित इकरारनामे के बाद ही पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स और फ्लैक्स लगाए जा सकते हैं। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउड स्पीकर भी नहीं चलाए जा सकते और राजसी पार्टियों की तरफ से किए जाने वाले जलसों या निकाले जाने वाले जुलूस की पहले लिखित मंजूरी लेनी होगी।
जिला चुनाव अफ़सर-कम-डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी कमिश्नर कमलदीप सिंह संघा ने यह भी बताया कि निकाले जाने वाले जुलूस का समय, जगह और रूट बताना भी लाजमी होगा। उन्होंने पार्टियों के नुमाइंदों को यह भी कहा कि विरोधी उम्मीदवारों से संबंधित निजी बयानबाजी न करें और किसी भी धार्मिक स्थान को अपने चुनाव मनोरथ के लिए इस्तेमाल न किया जाए।
इस मौके पर जिला चयन अफसर-कम-सहायक डिप्टी कमिश्नर उपकार सिंह, एडीसी (विकास) अवतार सिंह भुल्लर, सहायक कमिश्नर (जनरल) गुरिंदर सिंह सोढ़ी, तहसीलदार चुनाव लाभ सिंह समेत अलावा अलग-अलग राजसी पार्टियों के नुमाइंदे शामिल हुए।
डीसी ने बताया कि किसी भी वाहन में 50 हजार रुपये से अधिक की राशि और नशीले पदार्थ, गिफ्ट आइटम या कोई अन्य सामग्री बरामद और 10 लाख से अधिक की राशि मिलने पर आमदन कर विभाग को भी सूचना दी जाएगी।