कोटकपूरा गन हाउस में हुई हथियारों की लूट के मामले में देहाती पुलिस ने मजीठा के गांव रोमाना चक्क से एक अन्य आरोपी सिमरजीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
इसके कब्जे से बारह बोर की नौ और 315 बोर की एक राइफल बरामद हुई है। ये हथियार उसने जमीन में मिट्टी के नीचे दबा रखे थे। आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 5 अक्टूबर की रात को कोटकपुरा में गन हाउस से लूट की थी। इसके दो साथियों विक्रमजीत सिंह और जगरूप सिंह को फरीदकोट पुलिस दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर ले गई थी। दोनों से भी पुलिस ने 10 हथियार और कारतूस बरामद किए थे।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान आईजी बॉर्डर रेंज ईश्वर चंद्र शर्मा ने बताया कि 5 अक्टूबर की रात को इन आरोपियों ने मिलकर गन हाउस लूट लिया था। इसके बाद इन लोगों ने हथियार लाकर मजीठा के गांव में खेतों में मिट्टी के नीचे दबा दिए। दो दिन पहले फरीदकोट पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर रेड की और दो को गिरफ्तार कर लिया। उनसे 10 हथियार भी बरामद हुए थे। जांच को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया और उससे 10 और हथियार बरामद किए गए।
आईजी ने कहा कि इस बारे में फरीदकोट पुलिस से संपर्क किया है। वह अपनी पूरी रिपोर्ट लेकर यहां पर आ रहे हैं। उसके आधार पर ही बताया जा सकता है कि इन लुटेरों ने कुल कितने हथियार लूटे थे। इसके अलावा लुटेरों के तीन साथी गुरबख्श सिंह, कमलजीत सिंह और जसप्रीत सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस रेड कर रही है।
इस पूरे मामले में हथियारों की लूट संबंधी सस्पेंस बना हुआ है। गन हाउस के मालिक ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 34 हथियारों की लूट हुई थी। इसके बाद 4 नवंबर को दोबारा से गन हाउस के मालिक ने कहा कि केवल 20 हथियार ही चोरी हुए थे, जबकि फरीदकोट पुलिस की जांच के बाद लुटेरों ने बताया कि उन्होंने वहां से केवल 16 हथियार ही चुराए हैं।