फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलवामा आतंकी हमले के बाद भड़के लोग- कश्मीरी छात्रों को बाहर निकालो, पुलिस ने सुलझाया मामला

Sun, 17 Feb 2019 02:24 PM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुलाना (अंबाला)
विज्ञापन
pulwama terror attack
विज्ञापन
पुलवामा आतंकी हमले के बाद लोग इतने भड़क गए कि उन्होंने कश्मीरी छात्रों को उनके पीजी व घरों से निकालने की मांग कर दी, पुलिस ने बीच बचाव करके मामला सुलझाया। हरियाणा के अंबाला जिले के मुलाना शहर में यह घटना हुआ। पंचायत ने क्षेत्र में किराये पर रह रहे कश्मीरी छात्रों को बाहर करने की मांग कर दी। इस संबंध में पंचायत का वीडियो वायरल होने के बाद सभी कश्मीरी छात्र मुलाना यूनिवर्सिटी के परिसर में एकत्रित हो गए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने आनन-फानन में पंचायत प्रतिनिधियों को बुलाया और उन्हें यूनिवर्सिटी परिसर में कश्मीरी छात्रों के सामने बैठाकर मामला सुलझाया।
विज्ञापन


प्रशासन ने कश्मीरी छात्रों को माहौल शांत होने तक हॉस्टल में रहने की सलाह दी है। उधर, व्हाट्सएप पर संवेदनशील पोस्ट डालकर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों की शहादत के बाद मुलाना के सरपंच ने शुक्रवार को प्रदर्शन करके कश्मीरी छात्रों के रहने पर सवाल उठाए थे और उन्हें घर से बाहर करने की मांग की थी। शनिवार को बराड़ा सरपंच ने भी इसी मुद्दे पर साथियों के साथ प्रदर्शन किया। इसका वीडियो वायरल होने और कश्मीरी छात्रों को बाहर करने की मांग के बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हुए। मुलाना सरपंच नरेश कुमार को पुलिस ने थाने बुलाया।

इस दौरान एसडीएम बराड़ा गिरीश कुमार, डीएसपी बराड़ा सुधीर तनेजा व मुलाना थाना प्रभारी हरभजन सिंह मौजूद रहे। बाद में सभी यूनिवर्सिटी परिसर पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की और मामला सुलझाया। इसके बाद मुलाना सरपंच ने कहा कि वे कश्मीरी छात्रों के साथ हैं। वे कहीं भी रह सकते हैं। हालांकि, सरपंच ने यह भी कहा कि जो लोग संदिग्ध हैं, उनको लेकर कहा गया था। उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि व्हाट्सएप पर संवेदनशील पोस्ट डालकर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, जबकि क्षेत्र में काफी संख्या में कश्मीरी छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस की सलाह, हॉस्टल में रहें कश्मीरी छात्र

जिस तरह से देश में गुस्से का माहौल है, उसके मद्देनजर पुलिस ने कश्मीरी छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने संस्थानों के हॉस्टल में ही रहें। जब मामला शांत हो जाए, तब वे अपने कमरों में आ जाएं।
 
भड़काऊ पोस्ट से क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश  
इस प्रकरण के बीच सामने आया है कि कश्मीरी छात्रों के मोबाइल पर संवेदनशील पोस्ट भेजकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। यह पोस्ट भी पुलिस को सौंपी गई है, जिस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। इस पोस्ट को लोन ताहिर नाम के व्यक्ति ने 15 फरवरी को भेजा है, जिसमें भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला गया है। साथ ही कश्मीरी लोगों को पीड़ित बताया गया है। वहीं, मुलाना सरपंच नरेश कुमार ने पुलिस को कुछ संदिग्धों के नाम और व्हाट्सएप पर हुई बातचीत का ब्योरा दिया है।

यह हुआ था वीडियो वायरल
शनिवार सुबह मुलाना पंचायत का कश्मीरी छात्रों को लेकर वीडियो वायरल हुआ। इसमें वक्ता कह रहा है कि मुलाना यूनिवर्सिटी के तीन कश्मीरी छात्रों ने आतंकी हमले के बाद जश्न मनाया और लड्डू बांटे। इसके बाद पंचायत ने फैसला लिया है कि गांव में जितने भी छात्र किराये पर रह रहे हैं, उन्हें मकान मालिक 24 घंटे के अंदर निकाल दें, अन्यथा वह भी गांव व देश के गद्दार माने जाएंगे।

कश्मीरी छात्रों को बाहर करने का मामला सुलझा लिया गया है। कुछ दस्तावेजों की जांच की जाएगी। यदि कोई संदिग्ध मिला तो उचित कार्रवाई होगी। पुलिस मामले में सतर्क है।
- सुधीर तनेजा, डीएसपी बराड़ा

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें