चंडीगढ़। कोरोना के समय भले ही पीयू को खोलने की तैयारी की जा रही हो, लेकिन विदेशों में जाकर शिक्षा ग्रहण करना विद्यार्थियों के लिए आसान नहीं है। ऐसे में ऑनलाइन पाठ्यक्रम ही शुरू होंगे। इसके लिए पीयू विदेशी विश्वविद्यालयों से समझौते करने की तैयारी में जुटी है। संयुक्त पाठ्यक्रम के जरिए युवाओं को लाभ मिलेगा।
पीयू हर साल विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ संयुक्त पाठ्यक्रम शुरू करती है। इसके अलावा रिसर्च भी शुरू किए जाते हैं। समझौते वाले विश्वविद्यालय एक-दूसरे संस्थानों में जाते हैं और कार्य करते हैं। पीयू से भी हर साल तमाम विद्यार्थी रिसर्च आदि के लिए विदेशी विश्वविद्यालयों में जाते हैं, लेेकिन इस बार कोरोना ने ब्रेक लगा दिए। इसी को ध्यान में रखते हुए पीयू ऑनलाइन ही विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ संपर्क साध रही है। जिन विश्वविद्यालयों की रैंकिंग बेहतर होगी उनके साथ पीयू समझौते करेगी। सूत्रों का कहना है कि दिसंबर तक पांच से छह विश्वविद्यालयों के साथ समझौता होगा ताकि विद्यार्थी दूसरे विश्वविद्यालयों से जुड़कर शिक्षा ग्रहण कर सकें और रिसर्च को आगे ले जा सकें। ऑनलाइन प्रक्रिया से विद्यार्थी की रकम भी बचेगी। साथ ही संस्थानों को भी इसका लाभ मिलेगा।