चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय आ रहे विद्यार्थियों को छात्रावास मेरिट के आधार पर मिलेगा। विभागाध्यक्ष आवंटित सीटों के मुताबिक छात्रों का चयन करके छात्रावासों में भेजेेंगे और वहां पर उन्हें कमरे दिए जाएंगे।
पीयू ने 13 सितंबर को रसायन, भौतिक व औषधि विज्ञान विभाग और डेंटल कॉलेज के विद्यार्थियों को बुलाना शुरू कर दिया है। इन विभागों के परास्नातक के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को बुलाया गया है। विद्यार्थी लगभग आ भी गए हैं, जिनकी संख्या लगभग 500 है। पीयू ने सभी विभागों को आदेश जारी किए हैं और उन्हें छात्रावासों के लिए सीटें भी आवंटित कर दी है। सीटों के आधार पर विद्यार्थियों का चयन विभागाध्यक्ष मेरिट के आधार पर करेंगे। उसके बाद उन्हें छात्रावासों में दाखिला मिल जाएगा।
छात्रों का कहना है कि गिनती के विद्यार्थियों को ही छात्रावास मिल रहे हैं। अधिकांश विद्यार्थियों को बाहर कमरे लेकर रहना होगा। इससे उन्हें खाना बनाने से लेकर अन्य परेशानियां आएंगी। पीयू को चाहिए कि वह अधिकांश विद्यार्थियों को छात्रावास मुहैया कराए।