चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के सीनेट चुनाव तीन अगस्त से होंगे। यह सूचना पीयू ने हाईकोर्ट में दाखिल की है। सबसे आखिर में संकायों के चुनाव होंगे, जो अब तक सबसे पहले होते थे। जैसे ही चुनाव कार्यक्रम लोगों को पता लगा, तो उन्होंने प्रचार-प्रसार करना शुरू कर दिया।
पीयू सीनेट के चुनाव एक साल से नहीं हो रहे हैं। इसका कारण कोरोना बना हुआ है। इस चुनाव के लिए पूर्व सीनेटरों, छात्रों ने प्रदर्शन भी किए। काफी हंगामा हुआ, लेकिन नहीं करवाए गए। आखिर में मामला हाईकोर्ट में पहुंचा। वहां से मार्च में आदेश मिले, कि सीनेट चुनाव करवाया जाए। पीयू ने कार्यक्रम भी हाईकोर्ट में दाखिल किया था, लेकिन बाद में कोरोना की दूसरी लहर के कारण यह स्थगित किया गया। इस प्रकरण की हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट से पीयू ने शुक्रवार को चुनाव कार्यक्रम मांगा था। उसी कार्यक्रम की एक प्रति वायरल हो गई। उसके बाद सभी चुनाव लड़ने वाले लोगों ने प्रचार शुरू कर दिया। कोविड दिशानिर्देशों के मुताबिक चुनाव होंगे।
ये हैं चुनाव कार्यक्रम
वर्ग चुनाव की तिथि मतगणना
कॉलेज प्राचार्य वर्ग 3 अगस्त 5 अगस्त
सदस्य, तकनीकी कॉलेज 3 अगस्त 5 अगस्त
पीयू के प्रोफेसर वर्ग 10 अगस्त 12 अगस्त
पीयू के एसोसिएट व असिस्टेंट प्रोफेसर वर्ग 10 अगस्त 12 अगस्त
मान्यता प्राप्त कॉलेज आर्टस कॉलेज वर्ग 18 अगस्त 20 अगस्त
कॉलेजों के प्रोफेसर, एसोसिएट व असिस्टेंट प्रोफेसर 18 अगस्त 20 अगस्त
स्नातक वर्ग 18 अगस्त 20 अगस्त
पीयू के विभिन्न संकायों के सदस्य 23 अगस्त 23 अगस्त
शासन सुधार की रिपोर्ट की मंजूरी पर सवाल
पीयू शासन सुधार के लिए बनाई गई उच्च स्तरीय समिति की रिपोर्ट को चांसलर कार्यालय की ओर से मंजूरी दी जानी थी, लेकिन वह अब तक नहीं मिली। सवाल खड़े हो रहे हैं कि रिपोर्ट में कुछ खामियां तो नहीं। सूत्रों का कहना है कि पंजाब में इस रिपोर्ट का विरोध हो रहा है। ऐसे में विधानसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान हो सकता है, इसके चलते रिपोर्ट सामने नहीं आई। हालांकि चुनाव से पहले भी रिपोर्ट आ सकती है। पीयू का कहना है कि उन्होंने हाईकोर्ट में सीनेट चुनाव का कार्यक्रम जमा कर दिया है। अब आदेश का इंतजार है।