चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से छात्रों की रोकी गईं डिग्रियों पर एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष विजय सांपला गंभीर हो गए हैं। उन्होंने पीयू के अफसरों से इसकी प्रगति जानी और कहा कि इसी माह डिग्री जारी करें। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि रोकी गईं डिग्रियां इसी माह जारी की जाएंगी। दूसरी ओर पीयू अभी केवल बैठकों में ही उलझी हुई है। बैठक में लिया गया निर्णय अभी उच्च अधिकारियों ने फाइनल नहीं किया है।
पंजाब के कॉलेजों की रोकी गई डिग्रियों का मामला आयोग अध्यक्ष के पास एससी-एसटी के कई विद्यार्थियों ने पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कई बार उनकी ओर से प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। आयोग अध्यक्ष ने साफ कह दिया है कि छात्रों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। पीयू जल्द से जल्द डिग्रियां जारी करे। पीयू की एक समिति ने इसको लेकर बैठक की। इसमें यह बात भी सामने आई कि पंजाब कॉलेजों के विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क लेकर उनकी डिग्रियां दी जा सकती हैं। चाहे यह शुल्क 500 रुपये हो या फिर 1000 रुपये। सूत्रों का कहना है कि समिति का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों के पास गया है। वहां से फाइनल होने के बाद लागू होगा। हालांकि परीक्षा नियंत्रक विभाग का कहना है कि बैठक में छात्रों से किसी प्रकार के शुल्क लेने की बात नहीं हुई है।