पंजाब विश्वविद्यालय के रेडियो स्टेशन ‘पीयू ज्योतिर्गमय 91.2 मेगाहर्ट्ज’ ने 10 साल पूरे कर लिए हैं। विश्व रेडियो दिवस पर आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में स्कूल ऑफ कम्युनिकेशन स्टडीज की ओर से रेडियो स्टेशन के सफर पर प्रकाश डालते हुए इसकी उपलब्धियां बताई गईं।
इस अवसर पर रेडियो स्टेशन की समन्वयक डॉ. सुमेधा सिंह ने ‘किताबी नवाब’ कार्यक्रम के शुभारंभ की घोषणा की। साथ ही उन्होंने शिक्षा आधारित सामग्री के प्रसारण के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान सीआईईटी, एनसीईआरटी के साथ हुए समझौते पर भी बात की गई। प्रो. अमरेंद्र बेहरा ने कहा कि इस समझौते के जरिए रेडियो स्टेशन का विकास होगा और विद्यार्थियों को नई जानकारियां हासिल होंगी।
डॉ. सुमेधा सिंह ने शिक्षा के लिए चल रहे अनेक कार्यक्रमों के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे, दोपहर बाद तीन बजे व शाम को सात बजे यह कार्यक्रम आता है। इस अवसर पर चितकारा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के डीन डॉ. आशुतोष मिश्रा ने समाज के उत्थान में रेडियो के योगदान के बारे में बात की।
उन्होंने निजी रेडियो स्टेशनों को समाचार सामग्री प्रसारित करने के साथ-साथ उनकी सामग्री को पेटेंट कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वहीं रेडिया चितकारा के प्रोग्रामिंग हेड डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि किस प्रकार वर्तमान तकनीक ने रेडियो को जनता के लिए अधिक सुलभ बना दिया है। इस माध्यम पर कई वर्षों तक काम करने वाले डॉ. सुरेश गौड़ ने रेडियो स्टेशनों पर काम करने के अपने अनुभव को साझा किया।