चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की मई-जून में आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी ऑनलाइन ही होंगी। ऑफलाइन परीक्षाओं पर कोरोना ने ग्रहण लगा दिया है। पीयू ने इन परीक्षाओं का कार्यक्रम तैयार करना शुरू कर दिया है। ऑनलाइन परीक्षाओं में पिछले दिनों आई बाधाओं को इस बार दूर किया जाएगा।
पीयू अब तक दो बार ऑनलाइन परीक्षाएं करवा चुकी हैं। इन परीक्षाओं का संचालन भी सफल रहा है। विद्यार्थियों ने पिछले महीनों में ऑफलाइन परीक्षाएं करवाने की मांग उठाई थी। पीयू ने आश्वासन दिया था कि इस बारे में सोचा जाएगा, लेकिन इस बीच कोरोना का प्रसार तेज हो गया। सूत्रों का कहना है कि ऐसे में ऑफलाइन परीक्षाएं करवाना संभव नहीं हो सकेगा।
पीयू इस बार परीक्षाओं की तैयारी में काफी पहले लग गई है, ताकि पिछली बार जो कमियां रहीं थीं, वे अगली परीक्षाओं में न हों। सभी कमियों को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही परीक्षाओं की शुचिता बनी रहे, इसके भी प्रयास किए जा रहे हैं। कम समय में सभी परीक्षाएं हों, इसकी भी योजना बनाई जा रही है, क्योंकि पीयू को परिणाम भी विद्यार्थियों को जल्दी देने हैं।