चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में शुक्रवार को ऑफलाइन कक्षाएं शुरू की गईं। पहले दिन सभी विभागों के मिलाकर करीब 20 प्रतिशत विद्यार्थी ही परिसर पहुंचे थे। अभी छात्रावास आवंटन का काम चल रहा है, इसलिए विद्यार्थी कक्षाओं के लिए नहीं पहुंच पाए। वहीं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थी अभी चंडीगढ़ ही नहीं पहुंचे हैं।
पीयू में पहले दिन कक्षाओं में विद्यार्थियों के साथ बातचीत की गई। पहले दिन परास्नातक के सभी कोर्स के विद्यार्थियों और स्नातक के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को ऑफलाइन कक्षाओं के लिए बुलाया गया था। परास्नातक के विद्यार्थियों की शुक्रवार को कैंपस में पहली ऑफलाइन कक्षा थी, इसलिए शिक्षकों ने पीयू में पढ़ाई का क्या तरीका है, परीक्षाएं कैसे आयोजित होती है इत्यादि की जानकारी दी गई।
पीयू नहीं खुलती, तो बिना विश्वविद्यालय देखे ही खत्म हो जाती डिग्री
एमए की छात्रा आयुषी ने बताया कि तीन सेमेस्टर बीत गए, लेकिन हमने जिस विभाग में दाखिला लिया, उसे शुक्रवार को पहली बार देखा। विभाग देखकर काफी उत्साहित है, क्योंकि अगर अभी पीयू नहीं खुलती तो बिना विश्वविद्यालय देखे ही डिग्री खत्म हो जाती। पीयू सोशल विभाग के शिक्षक डॉ. गौरव ने बताया कि चूंकि छात्र पहली बार कैंपस में आए, इसलिए उन्हें कैंपस के विभिन्न विभागों में जाकर वहां की पूरी जानकारी हासिल करने की असाइनमेंट दी गई। विभागों का दौरा करने के बाद छात्रों को कक्षा में आकर एक-दूसरे के साथ दौरा किए विभाग की जानकारी साझा भी करनी थी।