चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की परीक्षाएं फरवरी में करवाए जाने की योजना है। इसके लिए अधिकारी मंथन कर रहे हैं। अधिकारियों की हुई बैठक में यह तय नहीं हो पा रहा कि विद्यार्थियों को किस हिसाब से बुलाया जाएगा और परीक्षा ऑफलाइन लेंगे तो क्या व्यवस्था होगी। इसके लिए विस्तृत प्लान तैयार होगा और फिर उस पर मुहर लगाई जाएगी। दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक यह काम पूरा हो जाएगा।
पीयू ने कोरोना के कारण इस बार परीक्षाएं ऑनलाइन ली हैं लेकिन यह परीक्षाएं नाम की रही हैं। इसमें नकल की संभावनाएं अधिक रही थीं क्योंकि उस पर नियंत्रण करने के लिए कोई तैनाती नहीं की गई थी। इस बार पीयू फरवरी में ऑफलाइन परीक्षाएं करवाने की तैयारी में जुटी है। सूत्रों का कहना है कि अधिकारियों की बैठक तो हुई लेकिन अधिक देर तक नहीं। विद्यार्थियों का बुलाने, छात्रावासों में ठहराने और परीक्षाएं कितने दिन करवाने आदि की योजना पर काम करने के लिए कहा गया है। एक साथ सभी विद्यार्थियों का बुलाना संभव नहीं होगा। दूरस्थ केंद्रों से आने वाले विद्यार्थियों को छात्रावास दिए जाएंगे या पास वालों को भी। यह भी तय नहीं हो पा रहा है। दिसंबर में ही यह पूरी योजना बन जाएगी। पीयू अभी री-अपीयर की परीक्षाएं करवाने में भी जुटी है। उसी तैयारियां चल रही हैं। साथ ही परीक्षा का परिणाम भी पीयू को समय पर देना होगा।