चंडीगढ़। पीयू छात्रों को आर्थिक राहत देने के लिए इस साल भी छात्रवृत्ति योजना शुरू कर सकती है। इसके लिए अधिकारी योजना बना रहे हैं। दो से तीन करोड़ रुपये का बजट आवंटित हो सकता है। इसका लाभ एक हजार से अधिक छात्रों को मिल सकेगा।
कोरोना के कारण तमाम परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। इन छात्रों के लिए फीस भरना मुश्किल हो गया है। पीयू दो किस्तों में फीस जमा करने के लिए सभी को बोल चुकी है। वहीं छात्रों ने मांग रखी थी कि जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देते हुए उनकी फीस माफ की जाए। वहीं बाकी विद्यार्थियों से भी फीस चार से पांच किस्तों में ली जाए।
सूत्रों का कहना है कि पीयू उसी को ध्यान में रखकर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दे सकती है। किसी छात्र को एक हजार तो किसी को दो हजार रुपये पिछले साल भी छात्रवृत्ति के रूप में मिले थे। हालांकि यह रकम प्रोफेशनल कोर्स करने वाले विद्यार्थियों के लिए नाकाफी है पर अन्य कोर्सेज के विद्यार्थियों को इससे लाभ मिला था।