चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी पीएचडी के विद्यार्थियों के वायवा कराने की योजना बना रहा है। वह आसपास रह रहे पीएचडी विद्यार्थियों का डाटा जुटा रहा है। माना जा रहा है कि हॉस्टलों में रह रहे विद्यार्थियों का वायवा पूरा करवाया जा सकता है। बाकी के वायवा लॉकडाउन खुलने के बाद करवाए जा सकते हैं।
पीयू के पास पीएचडी वायवा का काम पेंडिंग हैं। लगातार विद्यार्थियों का दबाव बढ़ रहा है। किसी को डिग्री जल्दी चाहिए तो किसी कुछ अन्य चीजें। लॉकडाउन के कारण पीयू इस पर निर्णय नहीं ले पा रहा था, लेकिन लॉकडाउन लगातार बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए पीयू अब बीच का रास्ता निकालने की योजना में है। सूत्रों का कहना है कि हॉस्टलों में इस समय रह रहे पीएचडी विद्यार्थियों का वायवा करवाया जा सकता है। इसके अलावा चंडीगढ़ में रह रहे विद्यार्थियों का भी इस दायरे में लाया जा सकता है। इसके लिए बाकायदा यूटी प्रशासन की अनुमति ली जाएगी ताकि दिक्कतें न हों। शारीरिक दूरी बनी रहेगी। ऑनलाइन भी वायवा लिया जा सकता है। पीयू समग्र रूप से हर तरीके से योजना बनाने में जुटा हुआ है।