चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय की अंतिम वर्ष की ऑनलाइन परीक्षाएं 17 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। पीयू प्रशासन और परीक्षार्थी भी परीक्षा के लिए तैयार हैं। परीक्षा दो घंटे की होगी जो तीन पाली में होगी। विद्यार्थियों को 20 मिनट पहले प्रश्नपत्र मेल या पीयू की वेबसाइट के जरिए मिल सकेगा।
इस परीक्षा में पीयू समेत 196 कॉलेजों के लगभग 70 हजार विद्यार्थी परीक्षा देने जा रहे हैं। पीयू कैंपस के विद्यार्थियों की संख्या लगभग चार हजार है। इनके अलावा अन्य कॉलेजों में पढ़ने वाले चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर आदि प्रदेशों के लगभग आठ हजार विद्यार्थी भी इस परीक्षा में शामिल होंगे। प्रश्नपत्र डाउनलोड करने के बाद विद्यार्थियों को 12 पेज की उत्तर पुस्तिका में उत्तर लिखने पड़ेंगे। विद्यार्थियों को ध्यान रहे कि उत्तर पुस्तिका के एक साइड में ही उत्तर लिखने होंगे। सुबह की परीक्षा 9 बजे शुरू होगी जो 11 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र विद्यार्थियों के पास मेल पर सुबह 8.40 बजे आ जाएगा। दूसरा पेपर 10 बजे शुरू होगा। इसका प्रश्नपत्र 9.40 बजे आएगा और तीसरा पेपर 2 बजे की पाली का होगा। इसके लिए प्रश्नपत्र मेल पर 1.40 बजे आ जाएगा। डेटशीट के मुताबिक ही प्रश्नपत्र खुलेंगे। विद्यार्थियों से कहा गया है कि प्रश्नपत्र में प्रश्न अनिवार्य नहीं होंगे। कोई भी 50 प्रश्नों के जवाब देने होंगे। दिव्यांग विद्यार्थियों को मदद की जहां जरूरत होगी वह किसी से ले सकेंगे। पेपर शुरू होने से लेकर चार घंटे तक उत्तर पुस्तिका पीयू को डाक के जरिए भेजनी होगी। उसकी सॉफ्टकॉपी मेल के जरिए भेजी जाएगी।
नकल रोकने की कोई योजना नहीं
पीयू ने फाइनल ईयर की परीक्षाएं तो घोषित कर दी, लेकिन नकल रोकने के कोई बंदोबस्त नहीं किए हैं। कॉलेजों में नोडल केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन वह छात्रों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए हैं। ऐसे में विद्यार्थी नकल कर सकते हैं और उन्हें रोकने वाला कोई नहीं है। हालांकि पीयू ऐसा प्रश्नपत्र तैयार कर रहा है कि विद्यार्थियों को नकल के लिए समय ही नहीं मिलेगा, वह प्रश्न का सटीक उत्तर भी नहीं ढूंढ पाएंगे।