चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस अब मार्च में ही खुलने के आसार हैं। इस समय सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। यदि कैंपस खोल दिया गया तो अव्यवस्था होने की संभावना है। वहीं भीड़ बढ़ने से कोरोना का भी खतरा है।
पीयू दो साल से बंद चल रही है। अभी तक कैंपस पूरी तरह नहीं खोला गया है। केवल शोधार्थियों व परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को बुलाया गया था। कैंपस खोला जाता, तब तक कोरोना की तीसरी लहर आ गई। अब केंद्र सरकार ने एक फरवरी से शिक्षण संस्थानों को अपने हिसाब से खोलने के लिए कह दिया। तमाम शिक्षण संस्थान एक फरवरी से खुल गए। ऐसे में पीयू पर भी दबाव आ गया। इसी को लेकर कमेटी बनाई गई। कमेटी ने सभी बातों पर मंथन किया, लेकिन कैंपस खोलने पर अभी सहमति नहीं बन पाई। सूत्रों का कहना है कि कैंपस मार्च में ही खुलेगा।