फीस माफी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन उग्र है, लेकिन पंजाब यूनिवर्सिटी ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। कहा है कि फीस माफी पूरी तरह नहीं हो सकती। ऐसे छात्रों को फीस में छूट दी जा सकती है जिनके परिवारों की माली हालत वाकई खराब है। उसके लिए छात्रों को यह साबित करना होगा।
फीस माफी को लेकर एबीवीपी 20 दिन से हड़ताल कर रही है। एनएसयूआई भूख हड़ताल श्रंखला चला रही है। अन्य छात्र संगठनों ने मंगलवार को उग्र प्रदर्शन किया। आने वाले समय में और भी बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पीयू की ओर से छात्र नेताओं को बताया गया है कि पीयू के पास कमाई का कोई जरिया नहीं है।
शिक्षकों को वेतन देने के भी लाले पड़ सकते हैं। फीस बिल्कुल माफ नहीं की जा सकती। उन छात्रों को जरूर फीस में छूट दी जा सकती है जिनकी वाकई दिक्कतें हैं। यह बात सार्वजनिक हो गई है। इसको लेकर छात्र संगठनों में आक्रोश है। कुछ छात्र संगठनों ने तो इस मांग को स्वीकार कर लिया है, लेकिन कुछ ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
पीयू ने यह भी कहा है कि छात्र अपनी सुविधानुसार किश्तों में फीस जमा कर सकते हैं। साथ ही फीस जमा करने की तिथि भी कुछ दिन बढ़ाई जा सकती है। कई अन्य बातें भी पीयू ने छात्रों के सामने रखी हैं।