पंजाब के पांच बड़े शहरों से अब सीधे बसें दिल्ली एयरपोर्ट के लिए मिलेंगी। पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) की ओर से पंजाब के पांच बड़े शहरों पटियाला, होशियारपुर, जालंधर, अमृतसर और लुधियाना से सीधे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे तक एसी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा एक जुलाई 2018 से शुरू होगी। पहली बार एक दिन में सात बसें चलाई जा रही हैं।
पीआरटीसी के एमडी मनजीत सिंह नारंग ने बताया कि यह एसी बसें यात्रियों को सीधा टर्मिनल तीन पर पहुंचाएंगी और इनकी बुकिंग वेबसाइट पर भी कराई जा सकती है। इस बस सर्विस के शुरू होने के साथ पंजाब के लोगों को हवाई अड्डे पर जाने में काफी सुविधा हो जाएगी।
एमडी ने बताया कि पटियाला से बस शाम चार बजे तक चलकर रात साढ़े 10 बजे तक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी और वहां से सुबह छह बजे चलकर पहले साढ़े सात बजे आईएसबीटी पहुंचेगी।
सवा आठ बजे पटियाला के लिए चलेगी। उन्होंने बताया कि एक बस दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर चलकर शाम पांच बजकर 10 मिनट पर हवाई अड्डे पर पहुंचेगी। वहां से रात आठ बजे चलकर साढ़े 9 बजे तक आईएसबीटी में और वहां से 10 बजे पटियाला के लिए चलेगी। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे से किराया 750 रुपये होगा, जबकि बस स्टैंड से 585 रुपये होगा।
नारंग ने बताया कि होशियारपुर से दोपहर साढ़े 12 बजे चलकर बाद दोपहर तीन बजे लुधियाना और रात साढ़े 10 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचेगी और वहां से 11 बजकर 10 मिनट पर चलकर 12 बजे आईएसबीटी और 12 बजकर 40 मिनट पर होशियारपुर के लिए रवाना होगी, जो सुबह सवा आठ बजे होशियारपुर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे से किराया 1070 रुपये होगा, जबकि बस स्टैंड से 915 रुपये होगा।
इसी तरह से जालंधर से शाम सात बजे चलकर आठ बजकर 50 मिनट पर लुधियाना और तड़के साढ़े तीन बजे हवाई अड्डे पहुंचेगी। हवाई अड्डे से तड़के साढ़े चार बजे चलकर दिल्ली बस अड्डे और लुधियाना होते हुए दोपहर डेढ़ बजे जालंधर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे से किराया 1040 रुपये होगा, जबकि बस स्टैंड से 885 रुपये होगा।