पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) की ओर से कभी परीक्षाएं कराने की बात कही जाती है तो कभी इसे टालने की बात कही जाती है। इस बात पर छात्र पीयू को अपना रुख साफ करने पर अड़े हुए हैं।
इसी को लेकर एनएसयूआई ने शुक्रवार को वीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीयू लिखित में अवगत कराए कि परीक्षा के लिए यूजीसी की जो गाइडलाइन आएंगी, उसका पालन किया जाएगा या नहीं। कुछ देर बाद अधिकारियों ने छात्रों से फोन पर बात की और समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर धरना खत्म कर दिया गया।
परीक्षाओं को लेकर छात्र असमंजस में हैं। रजिस्ट्रार कह चुके हैं कि यूजीसी की गाइडलाइन के मुताबिक ही पीयू निर्णय लेगा लेकिन विद्यार्थियों को पीयू पर यकीन नहीं हो रहा है। क्योंकि पूर्व में यूजीसी की ओर से छात्रों को सीधे प्रमोट करने की गाइडलाइन जारी हुई थी। इसके बावजूद पीयू ने जुलाई में परीक्षाएं करवाने का कार्यक्रम तय कर दिया।
अभी भी परीक्षा कराने का खाका तैयार किया जा रहा है। ऐसे में कैसे विद्यार्थी यकीन कर लें। इस वक्त न तो छात्र पढ़ाई कर पा रहे हैं और न अन्य कार्य। एनएसयूआई अध्यक्ष निखिल नरमेटा ने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने उठाया है और जब तक हल नहीं होता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेंगे।