योगेंद्र यादव और शांति भूषण का पक्ष लेने से खफा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को पंजाब के पटियाला में पार्टी के सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी का पुतला फूंका। साथ ही नारेबाजी करते हुए उन्हें पार्टी से निकलने की भी मांग की है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के बीच उठा विवाद अब अलग अलग राज्यों तक पहुंच गया है। आम आदमी पार्टी नेता हरविंदर सिंह ने अन्य समर्थकों सहित खुलकर डॉ. धर्मवीर गांधी की खिलाफत की। उन्होंने कहा कि डॉ. गांधी ने अपनी ही पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की खिलाफत की है, जो कि पार्टी विरोधी कार्रवाई है। आप समर्थकों ने इस दौरान मांग उठाई कि धर्मवीर गांधी को पार्टी से निकाला जाये।
रविवार को आप पार्टी समर्थक काफी संख्या में एकत्रित होकर लीला भवन पहुंचे। इस दौरान डॉ. धर्मवीर गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डॉ. गांधी का पुतला फूंका। आप समर्थकों ने कहा कि डॉ. गांधी उन नेताओं का समर्थन कर रहे हैं जिन्होंने पार्टी को दिल्ली में हराने की कोशिश की है। लेकिन पार्टी ने जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया है लोग उनके साथ हैं। अब ऐसे नेताओं को पार्टी में रखना नुकसानदायक ही होगा। डॉ. गांधी उन नेताओं की तरफदारी कर रहे हैं।