चंडीगढ़ में अक्षय कुमार के खिलाफ प्रदर्शन।
- फोटो : अमर उजाला
अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म 'पृथ्वीराज' को लेकर अब विवाद शुरू हो गया है। चंडीगढ़ में लोगों ने फिल्म के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ के सेक्टर- 45 में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की चंडीगढ़ इकाई ने गुरुवार को अभिनेता अक्षय कुमार और फिल्म निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी का पुतला फूंका।
महासभा ने आने वाली फिल्म 'पृथ्वीराज' में इतिहास से छेड़छाड़ कर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष शांतनु चौहान और राष्ट्रीय सचिव परीक्षित राणा ने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। फिल्म का नाम कम से कम पृथ्वीराज चौहान होना चाहिए। इसके अलावा इतिहास से कोई छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फिल्म निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने फिल्म पृथ्वीराज में इतिहास से छेड़छाड़ कर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया है। हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान के नाम को तोड़-मरोड़ कर पेश करने पर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि वे किसी भी सूरत में फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। तब तक विरोध करेंगे जब तक विवादित भागों को फिल्म से हटाया नहीं जाता।
चौहान ने कहा कि फिल्म अभिनेता और फिल्म निर्देशक पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए, ताकि भविष्य में दूसरा कोई निदेशक इस तरह की हिम्मत न कर सके। बता दें कि फिल्मों को लेकर मचने वाला यह बवाल कोई पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले देश में 'पद्मावत' समेत कई फिल्मों को लेकर बवाल हो चुका है। प्रदर्शन में काकू राणा, करण पाल राणा, मनोज राणा, अशोक राणा, विक्त्रस्म राणा, विनायक बंगीय, लकी राणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।