चंडीगढ़। प्रॉपर्टी कंसल्टेट्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी की वार्षिक बैठक शनिवार को सेक्टर-31 के सीआईआई में हुई। इसमें मोहाली और पंचकूला की ही तरह चंडीगढ़ में भी अपार्टमेंट एक्ट लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठी। बतौर मुख्य अतिथि मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उसे दूर करने के लिए जल्द हल निकालने का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य प्रवक्ता विक्रम चोपड़ा, वाइस चेयरमैन सुनील खेतरपाल व चीफ लीगल एडवाइजर सुभाष शर्मा ने अपार्टमेंट एक्ट, लीज होल्ड प्रॉपर्टी की ट्रांसफर, ऑफ लाइन केसों की निपटान, फ्री होल्ड प्रॉपर्टी के मामलों में एनओसी को जारी करने, बिल्डिंग वायोलेशन एवं मिसयूज से जुड़ी मांग को प्रमुखता से रखा। सभी ने एक स्वर में अफसरशाही की निंदा की और कहा कि एस्टेट ऑफिस में एक दिन छोड़कर काम होता है। इस कारण एक छोटे से काम के लिए भी कई कई महीने जूते घिसने पड़ते हैं। उनकी समस्याओं को सुनकर अरुण सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में लोकतांत्रिक ढांचे की कमी की बात उठाते हुए कहा कि यहां भी पुंडुचेरी कि तरह विधानसभा होनी चाहिए ताकि जनता को अधिकाधिक व समर्थ प्रतिनिधित्व मिल सके व उनकी समस्याओं की जल्द सुनवाई संभव हो सके। एसोसिएशन ने भी अपनी विधानसभा की बात को पूर्ण समर्थन देने का एलान किया। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन तरलोचन बिट्टू, महासचिव जतिंदर सिंह, वित्त सचिव मनप्रीत सिंह के अलावा पंचकूला प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन के प्रधान सुरेश शर्मा, मोहाली प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन के प्रधान लकी गुलाटी व न्यू चंडीगढ़ प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स एसोसिएशन के प्रधान विनोद जैन भी मौजूद रहे।