मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एचपीपीसी और एचपीडब्ल्यूपीसी की बैठक
आईएमटी खरखौदा में 118 करोड़ से बनेगा 57 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र
चंडीगढ़। लोकसभा चुनावों को लेकर लगने वाली आचार संहिता से पहले हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लिए 774 करोड़ रुपये के ठेकों और खरीद को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी), विभागीय उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (डीएचपीपीसी) और हाई पावर वर्कर्स परचेज कमेटी (एचपीडब्ल्यूपीसी) की बैठक में इसकी स्वीकृति दी गई। बैठक में विभिन्न बोलीदाताओं से नेगोसिएशन के बाद दरें तय करके लगभग 30 करोड़ रुपये की बचत की गई है।
नई परियोजनाओं में सोनीपत के औद्योगिक मॉडल टाउनशिप खरखौदा में 57 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) स्थापित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के डिजाइन, निर्माण और प्रबंधन इत्यादि के लिए लगभग 118 करोड़ रुपये की लागत आएगी। बैठक में कुल 32 एजेंडे रखे गए और 29 एजेंडों को मंजूरी दी गई।
रेवाड़ी के जाटूसाना और कुरुक्षेत्र के चम्मू कलां में बनेगा कन्या महाविद्यालय
बैठक में जिला रेवाड़ी के जाटूसाना में राजकीय कन्या महाविद्यालय निर्माण को स्वीकृति दी गई। इस पर 13 करोड़ रुपये की लागत आएगी। कुरुक्षेत्र के चम्मू कलां में भी लगभग 14 करोड़ रुपये में राजकीय कन्या महाविद्यालय के निर्माण को मंजूरी दी गई। इसी प्रकार, चरखी दादरी के बौंद कलां और झज्जर के दुजाना में भी राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। इस पर लगभग 28 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
भिवानी और रोहतक में रेलवे ओवरब्रीज
भिवानी के लोहारू विधानसभा क्षेत्र में 22 करोड़ रुपये की लागत से चार रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई। साथ ही, लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से रोहतक में रोहतक-भिवानी से बेरी-कलानौर-महम रोड पर लाहली-कलानौर स्टेशन के बीच 2-लेन रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार 21 करोड़ रुपये की लागत से फतेहाबाद के जमालपुर शेखां में लेवल क्रॉसिंग सी-6पर टोहाना-कुलाना-रतिया रोड जाखल-हिसार रेलवे लाइन पर 2-लेन रेलवे ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। भिवानी, अम्बाला और हिसार जिलों की सड़कों की विशेष मरम्मत एवं सुदृढ़करण सहित ऑपरेशन सर्किल यमुनानगर और पानीपत के अंतर्गत चार नए 33 केवी के एयर इंसुलेटेड सब-स्टेशन की स्थापना सहित अन्य कार्यों के लिये भी करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई।
जीएमडीए में लगभग 71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मिली मंजूरी
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के तहत लगभग 71 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें 22 एमएलडी क्षमता के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण, ओएचएसआर का उन्नयन, सेक्टर-16 पार्ट-1 में बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण व उन्नयन से संबंधित कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के तहत फरीदाबाद में जलापूर्ति योजना के विस्तार के लिए 97 करोड़ रुपये की लागत से पांच रैनी वेल के निर्माण और एक बूस्टिंग स्टेशन के लिये मंजूरी दी।