फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रोग्रेसिव पंजाब इनवेस्टर्स समिट खत्म, मिली ये बड़ी सौगात

Fri, 30 Oct 2015 09:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मोहाली/चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
दो दिवसीय प्रोग्रेसिव पंजाब इनवेस्टर्स समिट खत्म हो गया और जाते-जाते यह प्रदेश को और लोगों को एक बड़ी सौगात दे गया। पंजाब को औद्योगिक और तकनीकी दृष्टि से प्रमुख राज्य बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के संदर्भ में औद्योगिक दिग्गजों ने उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की प्रशंसा की।
विज्ञापन


उन्होंने उनकी कार्य योजना का अनुमोदन भी किया। अपोलो समूह की उपाध्यक्ष और सीआईआई की कार्यकारी उपाध्यक्ष शोभना कमिनेनी ने कहा कि यह एक ऐसा राज्य है, जहां उपमुख्यमंत्री के प्रगतिशील नेतृत्व में सरकार और नौकरशाही ने निवेश की राह को आसान बना दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि अपोलो समूह 1200 करोड़ रुपये की लागत से अमृतसर में एक अस्पताल की स्थापना करेगा।

अमूल ने बटाला में शुरू किया काम
अमूल के एमडी आरएस सोढी ने कहा कि दिल्ली में उपमुख्यमंत्री के साथ बैठक के बाद आणंद (गुजरात) डेयरी फार्मिंग की तर्ज पर उन्होंने पंजाब के किसानों को साथ लेकर कार्य करने की योजना बनाई है। कहा कि अमूल ने बटाला में अपना काम शुरू कर दिया है। जल्द ही खमानो व बठिंडा में अपनी इकाइयां खोलने जा रहे हैं। सोढी ने घोषणा की कि राज्य के 1000 गांवों में 150 करोड़ रुपये के निवेश से प्रारंभिक चरण में कार्य शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन


राजपुरा में स्थापित होगी खाद्य प्रसंस्करण इकाई
टीमलीज समूह के अध्यक्ष मनीष सभ्रवाल ने निवेशकों को पंजाब में पैसा लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य में पर्याप्त बुनियादी ढांचा बनाए जाने के बाद दुनिया इसकी ओर देख रही है। पंजाब में निवेश करने की उद्यमियों को सलाह देते हुए बंज एशिया के सीईओ माइकल गोएटी ने घोषणा की है कि कंपनी जल्द ही राजपुरा में बड़ी खाद्य प्रसंस्करण इकाई शुरू करने जा रही है।

पंजाब में मोबाइल उत्पादन इकाई स्थापित करेगा वीडियोकॉन
ट्राइडेंट समूह के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता ने सभी प्रकार की इकाइयों को हर तरह की मंजूरी देने के लिए एक ही स्थान पर ‘इनवेस्ट पंजाब’ के नाम से कार्यालय की स्थापना करने पर उप मुख्यमंत्री की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केवल सुखबीर ही शीघ्र निर्णय लेते हुए इस प्रकार के कार्य करने की हिम्मत कर सकते हैं।

वीडियोकॉन समूह के निदेशक अनिरुद्ध धूत ने कहा कि उन्होंने कई राज्यों का दौरा किया है, लेकिन जिस प्रकार का स्थिर राजनीतिक माहौल और तेजी से मंजूरी की कार्यप्रणाली पंजाब में है, वैसी कहीं अन्य जगह पर नहीं। उन्होंने कहा कि वह पंजाब में मोबाइल और सेट टॉप बॉक्स उत्पादन इकाई स्थापित करने जा रहे हैं।

नाहर ग्रुप ऑफ कंपनी के उपाध्यक्ष कमल ओसवाल ने कहा कि पंजाब सरकार का ध्यान अब एक नियामक के रूप में नहीं, बल्कि एक सुविधा उपलब्ध करवाने वाले के रूप में बदलने से खासी तबदीली आई है। महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की स्वराज इकाई के सीओओ वीरेन पोपली ने कहा कि वह पंजाब सरकार के निर्णय का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर उन्हें विस्तार करने व विकसित करने का प्रोत्साहन मिला है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें