चंडीगढ़ के 70 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में दिसंबर से एंट्री लेवल(नर्सरी-केजी) में दाखिले का दौर शुरू होने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने सभी बच्चों को इन स्कूलों में दाखिले का समान मौका देने के लिए इस बार स्कूलों को विशेष हिदायतें जारी की हैं। आगामी सत्र में होने वाली दाखिले में प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों की एक-एक सीट पर चंडीगढ़ के शिक्षा विभाग की नजर होगी। कोई भी स्कूल नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से किसी सीट पर दाखिला नहीं कर सकेगा।
जानकारी अनुसार शिक्षा विभाग ने इस साल सभी प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों को जनरल कोटे के साथ ही सभी रिजर्व कोटे की सीटों की जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जल्द ही स्कूलों को चिट्ठी भी मिल जाएगी। सूत्रों के अनुसार पिछले सालों में कई प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूल सिर्फ जनरल कैटेगरी की सीटों पर हुए लकी ड्रा की जानकारी वेबसाइट और स्कूल नोटिस बोर्ड पर जारी कर देते हैं, जबकि स्कूल रिजर्व कैटेगरी के तहत होने वाले दाखिले के बारे में कोई जानकारी नहीं देते, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। स्कूल प्रबंधन को रिजर्व कैटेगरी के लिए आने वाले सभी आवेदन और उन पर हुए दाखिले के बारे में विस्तार से जानकारी देेनी होगी।
शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत सभी स्कूलों को आवेदन फार्म वेबसाइट पर निशुल्क उपलब्ध कराना होगा। अभिभावकों से स्कूल रजिस्ट्रेशन के समय अधिकतम 100 रुपये वसूल सकते हैं। स्कूलों को वेबसाइट पर एंट्री क्लास का नाम, आयु सीमा, कुल सीटें (ब्रेकअप के साथ), आवश्यक प्रमाण पत्र और पूरी फीस के बारे में जानकारी देनी होगी। इस संबंध में एक चिट्ठी जिला शिक्षा अधिकारी को भी देनी होगी।