महिलाओं को पंजाब रोडवेज व पीआरटीसी में निशुल्क यात्रा सुविधा देने के चलते निजी बस संचालकों को काफी घाटा हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल टैक्स एक रुपये प्रति किलोमीटर किया जाए व मोटर व्हीकल टैक्स पर 10 फीसदी सरचार्ज खत्म किया जाए। इसके अलावा दिन में मात्र एक बार ही अड्डा फीस ली जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सरकारी बसों में महिलाओं के सफर की सुविधा के एवज में उन्हें भुगतान किया जाता है, वैसे ही निजी बसों में सुविधा लागू कर उन्हें भुगतान किया जाए, क्योंकि वह भी सरकार को टैक्स भरते हैं।
अबोहर में भी निजी बसों के चक्के जाम
अबोहर में मंगलवार सुबह से निजी बसों के चक्के जाम रहे। निजी बस संचालकों ने धरना दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सरकारी बसों में पैर रखने की जगह नहीं मिली। बस स्टैंड पर धरना लगाकर नारेबाजी कर रहे यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार ने सरकारी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है, जिससे निजी बस मालिकों को भारी घाटा हो रहा है। इसलिए सरकारी बसों की भांति निजी बसों में महिलाओं की मुफ्त यात्रा लागू कर उनका किराया सरकार निजी बस ऑपरेटरों को जारी करे।