सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्य, मुख्य शिक्षक और ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पड़े 585 पदों को भरने की शिक्षा विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए विभाग दिसंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा कराने जा रहा है। नए पदों को नए वेतनमान के अलावा कुछ अन्य जरूरी संशोधनों के साथ भरा जाएगा।
पंजाब सरकार ने प्रधानाचार्य, मुख्य शिक्षकों और ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों के 585 पद भरने के लिए संशोधित नियमों के अधीन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि स्कूली बच्चों को गुणात्मक शिक्षा देने के लिए स्कूली ढांचे को और मजबूती प्रदान करने के लिए भर्ती प्रक्रिया आरंभ की गई है।
इनमें प्रधानाचार्य के 173, मुख्य शिक्षक के 337 और ब्लॉक प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों के 75 पद शामिल हैं। विभाग ने अब भर्ती के लिए नए वेतनमान लागू करने के अलावा कुछ अन्य संशोधन किए हैं। प्रवक्ता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन भेजने की आखिरी तारीख दो नवंबर 2020 निर्धारित की गई है, जबकि फीस जमा करवाने की आखिरी तारीख नौ नवंबर 2020 रखी गई है।
भर्ती में संशोधनों के कारण जो उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस लेना चाहते हैं, वह दो नवंबर तक ऐसा कर सकते हैं। इसके साथ ही जिन उम्मीदवारों ने पहले अप्लाई किया था और उन्होंने फीस नहीं जमा करवाई थी, वह पहले ही प्रिंट हुए बैंक चालान के साथ फीस का भुगतान कर सकते हैं। भर्ती के लिए लिखित परीक्षा दिसंबर 2020 के पहले हफ्ते में होगी।