पंजाब के चुनाव में प्रचार के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 11 फरवरी को पंजाब आएंगे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, पीयूष गोयल के भी पंजाब चुनाव में तूफानी दौरे होंगे। पार्टी प्रत्याशियों के लिए भाजपा सांसद हेमा मालिनी, फिल्म अभिनेता सनी देओल भी पंजाब आकर वोट मांगेंगे।
पंजाब में विधानसभा चुनाव प्रचार पूरी तरह से वर्चुअल हो गया है। लुधियाना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की वर्चुअल रैली के बाद अब भाजपा भी वर्चुअल रूप से चुनाव प्रचार शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत पार्टी मंगलवार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल रैली आयोजित कर करेगी। मोदी की आठ और नौ फरवरी को वर्चुअल रैलियां होंगी। हर रैली के जरिए पार्टी दो संसदीय सीटों के कार्यकर्ताओं को शामिल करेगी। इसमें लाखों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का पार्टी ने दावा किया है।
विज्ञापन
पार्टी कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह रैलियों के जरिए 13 संसदीय सीटों को कवर करेंगे। उनकी रैलियां संसदीय क्षेत्र के अनुसार आयोजित की जाएंगी। आठ फरवरी को प्रधानमंत्री लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब संसदीय सीटों से इसकी शुरुआत करेंगे। नौ फरवरी को फिरोजपुर और पटियाला संसदीय सीटों की सभी विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
रैलियों के आयोजन के लिए पार्टी की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच स्क्रीन लगाई जाएंगी और मोदी के भाषण सुनाने के लिए कोरोना नियमों का पालन करते हुए 1000 कुर्सियां लगाई जाएंगी। वर्चुअल रैली के अलावा पार्टी के अन्य स्टार प्रचारक पंजाब भर में छोटी-छोटी रैलियों में शामिल होंगे।
विज्ञापन
9.5 लाख लोगों ने देखी राहुल की रैली
पंजाब में वर्चुअल रैलियों के अच्छे परिणाम आ रहे हैं। कांग्रेस की जालंधर में हुई वर्चुअल रैली को 9.5 लाख लोगों ने सोशल मीडिया माध्यमों से देखा और सुना है। लुधियाना की रैली को 90 हजार लोगों ने देखा।
वर्चुअल रैली में आता है कम खर्च
कोरोना संक्रमण की पाबंदियों के कारण शुरू हुई वर्चुअल रैलियों का खर्च भी काफी कम है। परंपरागत रैली में अधिकांश 50 से 60 हजार लोग ही पहुंच पाते हैं लेकिन वर्चुअल में लाखों लोग जुड़ते हैं। साथ ही सामान्य रैली के लिए होने वाले अधिक खर्च और झंझटों से भी वर्चुअल रैली के जरिए राजनीतिक दल बच गए हैं।