फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब चुनाव: सीएम चरणजीत चन्नी ने किया वादा-सत्ता में आए तो युवाओं को देंगे एक लाख सरकारी नौकरी

Mon, 14 Feb 2022 11:01 AM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़/जालंधर

सार

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने सोमवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सत्ता में आने पर हम राज्य के युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी देंगे।
 
विज्ञापन
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते सीएम चरणजीत चन्नी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के मौजूदा मुख्यमंत्री और कांग्रेस के अगले मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को सूबे के लिए अपना एजेंडा पेश किया। इसके तहत उन्होंने प्रदेश की तरक्की और खुशहाली का खाका खींचते हुए मुफ्त शिक्षा, सेहत, रोजी-रोटी और पक्की छत को सबसे अहम बताते हुए सबके लिए इसके प्रबंधन का वादा किया। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे भगवंत मान को भी निशाने पर लेते हुए पंजाब में किए जा रहे आप के दुष्प्रचार की कड़ी आलोचना की।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री चन्नी सोमवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इसका संचालन पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और इलेक्शन मीडिया इंचार्ज पवन खेड़ा ने किया। इस मौके पर हिमाचल कांग्रेस के इंचार्ज राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे। चन्नी ने प्रदेश के लिए अपना एजेंडा पेश करते हुए कहा कि उन्होंने गरीबी का वक्त देखा है और जानते हैं कि गरीब व मध्यम वर्ग के परिवारों की क्या समस्याएं होती हैं। इसके लिए उन्होंने विशेष तौर पर शिक्षा, सेहत, रोजी-रोटी और हर जरूरतमंद के सिर पर पक्की छत, सबसे जरूरी बताया। 

चन्नी ने कहा कि शिक्षा समाज की रीढ़ है लेकिन कोई गरीब निजी कॉलेज और यूनिवर्सिटी में शिक्षा नहीं हासिल कर सकता। कांग्रेस सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में एससी श्रेणी से जुड़े छात्रों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ ही निजी शिक्षा संस्थानों में एससी स्कॉलरशिप, बीसी स्कॉलरशिप और सामान्य श्रेणी से जुड़े बच्चों के लिए ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप दी जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए प्रोफेशनल पढ़ाई को प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने खुलासा किया कि श्री चमकौर साहिब में 500 करोड़ रुपये की लागत से यूनिवर्सिटी बन रही है। इसका विदेशी यूनिवर्सिटीज के साथ भी अनुबंध होगा। पंजाब कैबिनेट की ओर से यह भी आदेश पास किया जा चुका है कि विदेश पढ़ने के इच्छुक जरूरतमंद छात्रों को सरकार ब्याज मुक्त लोन देगी। इसके साथ ही युवाओं को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त लोन भी दिया जाएगा। सरकार बनने के पहले साल एक लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने खुलासा किया कि मात्र 111 दिनों के कार्यकाल में उनकी सरकार ने राज्य में पेट्रोल-डीजल सस्ता किया, बिजली व पानी के बकाया बिल माफ करने सहित इन्हें सस्ता भी किया और इसके अलावा अन्य भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

उन्होंने सेहत सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को मुफ्त सेहत सुविधाएं दी जाएंगी। इसके तहत अस्पताल में दाखिले से लेकर ऑपरेशन, दवाओं इत्यादि पर कोई खर्च नहीं आएगा। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि उनकी सरकार 6 महीनों के अंदर राज्य के जरूरतमंद लोगों के घरों की छतों व दीवारों को पक्का करवाएगी। इससे पहले रविवार को पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी की ओर से महिलाओं को साल में 8 सिलिंडर मुफ्त देने का एलान भी किया गया है। पत्रकारों से सवालों के जवाब देते हुए चन्नी ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू का पंजाब मॉडल भी कांग्रेस के मेनिफेस्टो का हिस्सा होगा।

दोबारा सीएम बनने पर पहले साल देंगे एक लाख नौकरियां: सीएम
सीएम चन्नी ने कहा कि आप के 50 से ज्यादा उम्मीदवार दूसरी पार्टियों से आए हैं। अब केजरीवाल व भगवंत मान ही बताएं कि दूसरी पार्टियों से लाए इन उम्मीदवारों से वह पंजाब में कौन सा बदलाव लाना चाहते हैं। आप के 38 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, क्या वह इन उम्मीदवारों के साथ पंजाब में बदलाव लाएंगे?  

चन्नी ने कहा कि मुझे पांच साल मिले तो पहले साल ही एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। अगर वह दोबारा मुख्यमंत्री बनते हैं तो छह महीने के भीतर सभी को पक्की छतें मुहैया करवाई जाएंगी। चन्नी ने कहा कि हर परिवार के बच्चों को शिक्षा मिले, इसके लिए छात्रवृत्ति योजनाएं लाई जाएंगी। सामान्य वर्ग में भी मिडल क्लास लोग हैं, लेकिन कोई उनके बच्चों की सुध नहीं लेता है। निजी शिक्षा के लिए आयोग बनाया जाएगा, जो कॉलेज और यूनिवर्सिटी आदि की फीस के बारे में फैसले लेगा और फीस निर्धारित करेगा। 

पंजाब के लिए यह है चन्नी का एजेंडा
  • सरकारी शैक्षिक संस्थानों में एससी विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा
  • निजी शैक्षिक संस्थानों में एससी, बीसी व जनरल वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस स्कॉलरशिप
  • विदेश में पढ़ने के इच्छुक विद्यार्थियों को ब्याज मुक्त लोन
  • युवाओं को अपना रोजगार स्थापित करने के लिए भी ब्याज मुक्त लोन
  • सरकार बनने के पहले साल में एक लाख नौकरियां दी जाएंगी।
  • लोगों को मुफ्त सेहत सुविधाएं। दाखिल होने के बाद ऑपरेशन, दवाएं मुफ्त
  • सरकार बनते ही छह माह में जरूरतमंदों के घरों को पक्का कराएगी सरकार
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें