कहा- निगम से सीधा वास्ता नहीं, लेकिन एफएंडसीसी के बिना पास नहीं होता बजट
नगर निगम की बैठक रद्द होने के बावजूद मेयर द्वारा बजट पारित करने के मुद्दे पर प्रशासक पुरोहित ने कहा कि उनका नगर निगम से सीधा लेना-देना नहीं लेकिन उनके पास शिकायत आई तो इस संबंध में निर्देश जारी किए गए। निगम के आयुक्त को इसके लिए बोला गया कि जो भी आवश्यक हो अपने हिसाब से कार्रवाई करें। एफएंडसीसी की बैठक के बिना बजट पारित नहीं होता। इसके बावजूद बैठक आयोजित करना बचपना है।
विधानसभा सत्र में व्यवधान डालना ठीक नहीं
पंजाब विधानसभा सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान व्यवधान को लेकर एक सवाल के जवाब में राज्यपाल ने कहा कि उनका काफी लंबा राजनीतिक कॅरिअर रहा है। वह समय भी देखा जब सत्र चलाने के लिए पैसे भी नहीं होते थे इसलिए सभी विधायकों और सांसदों को सत्र के समय का सदुपयोग करना चाहिए क्योंकि इसके संचालन पर काफी खर्च आता है। सत्र में इस तरह से व्यवधान डालना किसी भी तरह से ठीक नहीं। पक्ष हो या विपक्ष, सभी को इसका ध्यान रखना चाहिए।
जल्द होगा कूड़े के बड़े प्लांट का टेंडर, 50 साल तक नहीं आएगी दिक्कत
प्रशासक ने कहा कि चंडीगढ़ स्वच्छता के सर्वेक्षण में 66वें स्थान से 11वें स्थान पर पहुंच चुका है। दो साल के अंदर हम शीर्ष पांच राज्यों में शामिल होंगे। डड्डूमाजरा में इंटेग्रेटिड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को स्थापित करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जल्द इसके टेंडर किए जाएंगे। इसके लगने से शहर में आगामी 50 साल तक कूड़े के निस्तारण में कोई दिक्कत नहीं आएगी। इसके लिए नागपुर स्थित नीरी के श्रेष्ठ कंसल्टेंट से सेवाएं ली जा रहीं हैं। पानी के प्रबंधन में चंडीगढ़ देश भर में पहले नंबर पर है।
सर्वाधिक सफाई मित्र सुरक्षित शहर का दर्जा भी यूटी को प्राप्त है। उर्जा बचत में हम पहले, परिवहन में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत, स्कूल शिक्षा में नंबर वन, सीसीटीएनएस में श्रेष्ठ और आपराधिक न्याय प्रणाली में राज्य दूसरे नंबर पर है। शहर को अब देश की सर्वाधिक क्लीन सिटी बनाने का प्रयास किया जाएगा।