अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब को सेमीकंडक्टर के हब के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसी संदर्भ में शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में सेमीकंडक्टर उद्योग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दाैरान सीएम ने कहा कि सरकार राज्य में मजबूत सेमीकंडक्टर ईको-सिस्टम विकसित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने आधुनिक तकनीक में सेमीकंडक्टर चिप के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह लगभग सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अनिवार्य हिस्सा होती हैं। यह उद्योग वर्तमान समय में राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में 20 से 23 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर के साथ योगदान दे रहा है। सीएम ने बताया कि सेमीकंडक्टर उद्योग इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव, औद्योगिक ऑटोमेशन, दूरसंचार, एयरोस्पेस एवं रक्षा, ऊर्जा एवं बिजली, चिकित्सा उपकरणों, डाटा सेंटर व क्लाउड कंप्यूटिंग, स्मार्ट डिवाइसेज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कई अन्य क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से सेमीकंडक्टर के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है, जिसमें फैब्रिकेशन यूनिट्स, चिप डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन ऑटोमेशन (ईडीए) सेवाएं और संबंधित क्षेत्रों में क्षमताएं बढ़ रही हैं।
सीएम के अनुसार पंजाब में इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार पंजाब को तीव्र आर्थिक विकास के पथ पर अग्रसर करने के लिए इन संभावनाओं का भरपूर लाभ उठाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने उद्योग जगत को पूरा समर्थन और सहयोग देने का आश्वासन दिया, जिसमें मोहाली और इसके आस-पास एक समर्पित सेमीकंडक्टर पार्क की स्थापना भी शामिल है। इस अवसर पर उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा, उद्योग सचिव केके यादव, इनवेस्ट पंजाब के सीईओ अमित ढाका और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।