प्रशांत किशोर और कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : file photo
आम आदमी पार्टी के जवाब में कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए युवाओं की फौज तैयार की है। प्रशांत की आई-पैक ने पूरे पंजाब में करीब एक हजार कॉलेज कैप्टन और डिस्ट्रिक्ट कैप्टन तैयार किए हैं, जोकि प्रदेश कांग्रेस प्रधान के पक्ष में युवाओं को जोड़ेंगे। रविवार को ये सभी कैप्टन के साथ चंडीगढ़ में मीटिंग करेंगे।
आई-पैक ने युवाओं को जोड़ने के मकसद से कॉफी विद कैप्टन का पहला चरण आयोजित किया था, जिसमें पंजाब के प्रमुख शहरों और चंडीगढ़ में कैप्टन अमरिंदर युवाओं के साथ मुखातिब हुए थे। इस कैंपेन की तैयारी में आई-पैक की टीमें कॉलेजों में गई थीं। वहां जाकर उन्होंने स्टूडेंट्स से पूछा था कि कौन लोग कैप्टन की कैंपेन के साथ जुड़ना चाहते हैं। उसी दौरान जिन स्टूडेंट्स ने हामी भरी, उन्हें कॉलेज कैप्टन बनाया गया।
उसके बाद उन्हीं में से डिस्ट्रिक्ट कैप्टन बनाए गए। इनकी तादाद बढ़ते-बढ़ते अब एक हजार हो गई है। ये लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन कैप्टन अमरिंदर के पक्ष में युवाओं को जोड़ेंगे। अपने सर्किल में कैप्टन के पक्ष में माहौल बनाएंगे। इसके साथ ही फेसबुक, ट्विटर, वाट्स-ऐप पर भी कैप्टन के पक्ष में कैंपेन करेंगे।
ये लोग एक तरह से कैप्टन के ब्रांड अंबेसडर के रूप में काम करेंगे। आई-पैक की टीम इन्हें विशेष ट्रेनिंग देगी कि किस तरह ये आने वाले समय में हर कैंपेन में शामिल हो सकते हैं। इस तरह से आई-पैक ने सभी 22 जिलों में युवाओं की फौज तैयार की है, जो कैप्टन के पक्ष में माहौल बनाएगी।
रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम कैप्टन्स मीट कैप्टन में ये लोग अमरिंदर सिंह से मुलाकात करेंगे, जिसमें अमरिंदर इनका धन्यवाद करेंगे और हौसला बढ़ाएंगे। ये सारी कवायद इसलिए की जा रही है क्योंकि आम आदमी पार्टी युवाओं में तेजी से पैठ बना रही है। उसे काउंटर करने को प्रशांत ने यह रणनीति बनाई है।