मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अबोहर के आपदाग्रस्त क्षेत्रों के लिए खुले दिल से ग्रांटों की बौछार की है। मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत एस्टीमेट बनाकर भेजने और पैसे लेकर विकास कार्य शुरू करवाकर दो सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए गए हैं।
बादल शहर के सबसे अधिक आपदाग्रस्त क्षेत्र राजीव नगर में विधायक सुनील जाखड़ के बुलावे पर पीड़ित लोगों से मिलने पहुंचे थे। बादल ने सैकड़ों पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि आज तक वे सिर्फ यह सुनते ही थे कि अबोहर का बहुत बुरा हाल है लेकिन आज उन्होंने अपनी आंखों से यह सब कुछ देख लिया है।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित देखकर उनका मन बेहद दुखी है। इसी दौरान जब विधायक सुनील जाखड़ ने उन्हें यहां के लोगों की समस्याओं से अवगत करवाया तो बादल हाथ जोड़ कर बोले कि अब उन्हें और दुखी न करें, वे यहां के लोगों का दुख दिल से समझ चुके हैं।