चंडीगढ़। पीयू में पोस्टर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। एससी-एसटी, बीसी और सामान्य वर्ग एसोसिएशन आमने-सामने आ गई हैं। एससी-एसटी एसोसिएशन प्रदर्शन के दौरान पोस्टर पकड़ने वाले कर्मचारी पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रही है। उसके लिए पीयू प्रशासन को बुधवार तक का समय दिया है। वहीं सामान्य वर्ग ने वीसी को पत्र लिखा है कि उनका उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था। गलती अगर कहीं हुई है, तो उसके लिए खेद प्रकट किया है।
सोमवार को रोस्टर के विरोध में सामान्य वर्ग एसोसिएशन के कर्मचारियों ने वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एसवीसी (सेक्रेटरी टू वाइस चाइंसलर) को ज्ञापन दिया था। प्रदर्शन के दौरान एक कर्मचारी ने पोस्टर पर एक संदेश लिखा था। उस संदेश को पढ़कर एससी-एसटी, बीसी वर्ग एसोसिएशन ने आक्रोश जताया। कहा कि इससे उनकी भावना आहत हुई है। पोस्टर के माध्यम से पूरे समाज का अपमान किया गया है। उन्होंने पीयू प्रशासन से कहा है कि दो दिन में संबंधित कर्मचारी पर रिपोर्ट दर्ज करवाएं, अन्यथा एसोसिएशन खुद यह काम करेगी। मंगलवार को दोनों वर्गों के कर्मचारियों में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना रहा।
एससी-एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह का कहना है कि पोस्टर के संदेश से सभी में आक्रोश में हैं। पीयू ने बुधवार तक रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई तो एसोसिएशन खुद करवाएगी। वहीं सामान्य वर्ग एसोसिएशन की उपाध्यक्ष अनीता शर्मा का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है। फिर भी किसी को ठेस पहुंचने पर हम माफी मांगते हैं। वीसी को भी हमने इसे लेकर पत्र लिखा है।