चंडीगढ़। रामदरबार फेस-1 स्थित बस स्टॉप के नजदीक पार्क में बीते रविवार को संदिग्ध हालात में मिले अजय के शव का मामला संदिग्ध बना हुआ है। सोमवार को पुलिस ने जीएमएसएच-32 में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हालांकि, देर रात तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ सकी थी। पुलिस की जांच अब रिपोर्ट पर अटकी है। इसके बाद ही मामला साफ हो सकेगा कि अजय की मौत किन कारणों से हुई थी।
परिजनों का कहना है कि जांच में पता लगा है कि शनिवार रात सेक्टर-18 जाने की बात कहकर घर से निकलने के बाद अजय अपनी बलेनो कार पार्क के पास खड़ी कर एक फॉर्च्यूनर में किसी के साथ गया था। रात करीब 12.30 बजे उसे गाड़ी छोड़कर वापस चली गई, जिसके अगली सुबह अजय की पार्क में लाश मिली। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। गौरतलब है कि बीते रविवार सुबह रामदरबार फेस-1 स्थित बस स्टॉप के पास स्थित एक पार्क में अजय को बेसुध हालत में देखकर आसपास के लोगों ने उसे जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
अजय शनिवार सुबह चंडीगढ़ सेक्टर-8 स्थित एक सैलून में ड्यूटी पर गया था। ड्यूटी से लौटने के बाद रात करीब साढ़े 8 बजे घर से यह कहकर अपनी बलेनो कार से चला गया कि वह सेक्टर-18 में किसी काम से जा रहा है। अगली सुबह परिजनों को पता चला कि रामदरबार बस स्टॉप के पास पार्क में अजय की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है।