फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'राक्षस' पर सियासी घमासान: रणदीप सुरजेवाला बयान पर कायम, भाजपा का पलटवार, जजपा बोली- केस दर्ज करवाएंगे

Mon, 14 Aug 2023 09:41 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़/कैथल/अंबाला/करनाल

सार

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलटवार करते हुए कहा कि राक्षस प्रवृत्ति के परिवार में जन्मा व्यक्ति ही ऐसा सोच और बोल सकता है। यह असंसदीय भाषा है, इस पर निश्चित तौर पर संज्ञान लिया जाएगा। 
विज्ञापन
रणदीप सुरजेवाला के बयान पर घमासान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला के भाजपा के मतदाताओं को ''राक्षस प्रवृत्ति'' का बताने वाले बयान पर सियासी घमासान छिड़ गया है। उनके बयान के एक दिन बाद भाजपा नेताओं ने सुरजेवाला व कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया, वहीं सुरजेवाला अपने राक्षस प्रवृति के बयान पर कायम हैं। उन्होंने सोमवार को फिर ट्वीट कर बताया कि कांग्रेस मंगलवार को ट्विटर पर हैशटैग ''हरियाणा सरकार राक्षस है'' के साथ विशेष अभियान चलाएगी। 

विज्ञापन


बोले, मेरे नजरिये में हिंसा और अन्याय राक्षसी प्रवृत्ति का कार्य है। वे किसी धमकी से डरने वाले नहीं। पूछा-जिन लोगों ने समाज को नफरत की आग में झोंक दिया है और युवाओं के सपनों को मार डाला है, क्या वे राक्षसों से कम हैं? उधर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पलटवार करते हुए कहा कि राक्षस प्रवृत्ति के परिवार में जन्मा व्यक्ति ही ऐसा सोच और बोल सकता है। यह असंसदीय भाषा है, इस पर निश्चित तौर पर संज्ञान लिया जाएगा। 

गृह मंत्री अनिल विज ने भी कहा कि लगता है कि सुरजेवाला की ऑपटिकल नर्व खराब हो चुकी है। जिसकी यह नर्व खराब हो जाती है, उसे बहुत धुंधला नजर आता है। इसी कारण सुरजेवाला को लोगों में शैतान नजर आ रहा है। सुरजेवाला को किसी अच्छे विशेषज्ञ से अपनी आंख का इलाज करवाना चाहिए। 

विज्ञापन

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी इसे सुरजेवाला की छोटी सोच का उदाहरण बताया। कहा, देश व प्रदेश के करोड़ों मतदाताओं को राक्षस बोलना सुरजेवाला की मानसिकता को दर्शाता है। सुरजेवाला अपना आपा खो चुके हैं। जजपा के कानूनी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष एडवोकेट बलवान सुहाग ने कहा कि सुरजेवाला के खिलाफ मानहानि और आपराधिक केस किया जाएगा। 

दरअसल, सुरजेवाला ने यह टिप्पणी रविवार को कैथल के भाई उदय सिंह किला परिसर में आयोजित जन आक्रोश प्रदर्शन के कार्यक्रम में की थी। उन्होंने कहा था कि अरे राक्षसों, भाजपा-जजपा के राक्षसों, राक्षस हो तुम लोग, भारतीय जनता पार्टी को जो वोट देता है और भाजपा को जो समर्थक है, वो हर व्यक्ति राक्षस प्रवृति का है। मैं आज महाभारत की इस धरती से इनको श्राप देता हूं।
विज्ञापन

तीन केंद्रीय मंत्रियों ने भी कांग्रेस समेत खरगे को घेरा

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपना असली चेहरा दिखाया है। वे लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते। जनता को अपनी नोक पर रखते हैं। कांग्रेस भारत के लोगों को राक्षस कह रही है। यह कांग्रेस की हार, हताशा, निराशा दिखाती है। खरगे जी आप माफी मांगे, नहीं तो देश आपको करारा जवाब देगा। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, आपातकाल से लेकर आज तक इस प्रजा प्रभुत्व के लिए राक्षस कौन है, लोग देख लिए हैं। कांग्रेस की मानसिकता देखिए अगर लोग उनको वोट नहीं देते हैं तो वे लोगों को राक्षस बना देते हैं। 

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी अप्रासंगिक होती जा रही है। कौन क्या कह रहा है, यह उनकी मजबूरी है। वह ऐसी पार्टी से हैं, जिसका देश की आजादी के आंदोलन में पर्याप्त योगदान है। लेकिन वे अप्रासंगिकता की ओर जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पूछा कि क्या यही आपकी मोहब्बत की दुकान है?

संवाद में भावना और भावुकता शब्दों से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण: सुरजेवाला

बयान के बाद सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा कि संवाद में भावना और भावुकता शब्दों से कहीं महत्वपूर्ण है, जिसे कोई संवेदनशील व्यक्ति ही समझ सकता है। जैसे कौरवों ने पांडवों के साथ छल करके उनके अधिकार छीने, ठीक उसी प्रकार से भाजपा-जजपा सरकार ने हरियाणा के तीन लाख 59 हजार सीईटी पास युवाओं से उनका हक छीना है। प्रश्नपत्र के 100 प्रश्नों में 41 की पुनरावृत्ति और लीक होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 43 पर्चे लीक हो गए, भर्तियों में हेराफेरी हुई, पब्लिक सर्विस कमीशन में अटैची कांड हुआ, करोड़ों रुपये पकड़े, हमारे युवाओं के भविष्य पर ऐसा ग्रहण लगाने वाले क्या हैं, असुर रूपी या फिर देवता?

जा सकती है राज्यसभा सदस्यता

हरियाणा के एडवोकेट जनरल सुरेंद्र सिंह पन्नू ने कहा कि आपराधिक मानहानिक का मामला बनता है। आईपीसी की धारा 499 में उनके खिलाफ मजिस्ट्रेट को शिकायत दी जा सकती है। अगर इस मामले में उन्हें दोषी करार दिया जाता है तो अधिकतम दो साल की सजा हो सकती है। अधिकतम सजा होने की स्थिति में राज्यसभा की सदस्यता भी जा सकती है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें