फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक में राजनीतिक दिग्गज, कुछ यूं व्यक्त की संवेदनाएं

Fri, 17 Aug 2018 09:35 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
अटल बिहारी वाजपेयी
विज्ञापन
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को देश, राजनीति और भाजपा के लिए एक अपूर्णीय क्षति बताया है। मुख्यमंत्री ने वाजपेयी को एक महान कवि, जुझारू पत्रकार और वक्ता बताते हुए कहा कि वे एक सच्चे राष्ट्रवादी और दूरदर्शी राजनेता थे, जिन्होंने अपने विलक्षण गुणों से देश के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया था। उन्होंने कहा कि लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उनका सम्मान किया।
विज्ञापन


वाजयेपी में नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल कूट-कूट कर भरा था। प्रधानमंत्री के रूप में देश और देश की अर्थव्यवस्था में उनका योगदान देश के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में अंकित रहेगा। देश को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने की उनकी प्रतिबद्धता और असीमित उत्साह ने उन्हें आर्थिक सुधार करने और पोखरण में परमाणु प्रशिक्षण करके भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।

भारत राजनीति के एक युग का अंत हुआ : सोलंकी
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। भारतमाता का महान सपूत चिरनिद्रा में सो गया, जिसका जाना पूरे देश की अपूरणीय क्षति है। एक महान राष्ट्रवादी देशभक्त, उदार व विशाल हृदय दूरदर्शी राजनीतिज्ञ और लोकप्रिय नेता को हमने खो दिया। वे एक दल में रहते हुए भी दलगत राजनीति से उपर थे। इसीलिए अजातशत्रु थे जिनका सम्मान देश के हर दल के नेता करते थे।
विज्ञापन
Trending Videos

सपूत को खोकर भारत माता की आंखों में भी आंसू : कैप्टन

Atal Bihari Vajpayee
सपूत को खोकर भारत माता की आंखों में भी आंसू : कैप्टन
हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि वाजपेयी के निधन से पूरा भारत शोकाकुल है। अटल जी जैसे सपूत को खो कर भारत माता की आंखों में भी आंसू हैं। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत की एक पुरानी पार्टी के सामने एक मजबूत विपक्ष खड़ा किया और फिर देश में सरकार भी बनाई। अटल जी ने विचारधारा आधारित राजनीति की औऱ पूरे देश में कार्यकर्ताओं का संगठन खड़ा किया। अटल जी ऐसे बिरले राजनेता थे जिन्होंने समाज के हर वर्ग से स्नेह प्राप्त किया।

राजनीति का मजबूत स्तंभ ढह गया : शर्मा
हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन व राज्य मंत्री बनवारी लाल ने कहा कि उनके निधन से देश की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ ढह गया। एक समर्पित, कर्मठ और निष्ठावान व्यक्तित्व हमारे बीच से चला गया। वाजपेयी भारत माता के एक ऐसे सपूत थे, जिन्होंने स्वतंत्रता से पूर्व और पश्चात भी अपना जीवन देश और देशवासियों के उत्थान एवं कल्याण के लिए जीया और जिनके कार्यों से देश का मस्तक ऊंचा हुआ। राजनीति में दिग्गज राजनेता, विदेश नीति में संसार भर में समादृत कूटनीतिज्ञ, लोकप्रिय जननायक और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ वे एक अत्यंत सक्षम और संवेदनशील कवि, लेखक और पत्रकार भी रहे हैं।

अटल जी के जाने से एक युग का अंत हुआ : श्वेत मलिक
 देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारतीय राजनीति की महान विभूति, विलक्षण नेतृत्व, दूरदर्शिता व महान कवि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी प्रेरणा, उनका मार्गदर्शन, हर भारतीय को, हर भाजपा कार्यकर्ता को हमेशा मिलता रहेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके हर स्नेही को ये दु:ख सहन करने की शक्ति दे। पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा संसद श्वेत मलिक जी ने अटल जी के प्रभु चरणों मे चले जाने के बाद उदास ह्रृदय से उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

अटल जी के देहांत पर राज्यपाल बदनौर ने दुख जताया
 पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहांत पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। अपने शोक संदेश में बदनौर ने कहा कि वाजपेयी भारतीय राजनीति के एक महान और दिग्गज नेता थे। उनके देहांत से देश ने एक तजुर्बेकार राजनीतिज्ञ, सच्चे राजनेता और सबसे एक अच्छा मनुष्य खो दिया है। 

वाजपेयी सही अर्थों में जनता के नेता थे : सुखबीर बादल
पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री व शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि अटल बिहारी वाजपेयी की मौत से देश एक ईमानदार, नम्र और चरित्रवान सियासतदान और एक परिपक्व कवि से महरूम हो गया है। 
 
विज्ञापन

Atal Bihari Vajpayee
सुरजेवाला ने दी वाजपेयी को श्रद्धांजलि
 कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। ट्वीटर पर सुरजेवाला ने लिखा कि अटल बिहारी वाजपेयी को विनम्र नमन। राजनीतिक विचारधारा की भिन्नता को अटल जी ने कभी कड़वाहट में नहीं बदला। कोई विचारधारा उनके द्वारा भारत के उदारवादी मूल्यों के निर्वहन व सबको राजधर्म का आभास कराने से नहीं रोक पाई। उनके उदारवादी विचारों का अनुसरण ही सच्ची श्रद्धांजलि है। 

दिग्विजय चौटाला ने किया शोक प्रकट 
कैथल। सूरज कभी अस्त नहीं होता, सिर्फ वो आंखों से ओझल हो जाता है। आपने कविता में वाजपेयी ने कहा था कि मैं लौटकर आऊंगा। इस जीवनकाल में उस दिन का इंतजार रहेगा। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी कविताओं के माध्यम से उन्हें याद किया। चौ. देवीलाल के साथ देश को नई दिशा देने वाले वाजपेयी की कमी हमें हमेशा खलेगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें