शहर में अलग-अलग कार्यक्रम में पहु्ंचे वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक दूसरे पर सियासी प्रहार किए। ऐसा पहली बार हुआ कि जिले में सूबे के वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोनों पहुंचे।
खट्टर महाराणा प्रताप जयंती समारोह के अवसर पर आए हुए थे और पूर्व सीएम हुड्डा पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के आवास पर कार्यकर्ता की बैठक लेने पहुंचे थे। दोनों दिग्गजों के कार्यक्रम भी अलग-अलग शहरों में थे और मंच भी अलग थे, लेकिन दोनों एक-दूसरे पर सियासी प्रहार करने से नहीं चूके। सीएम खट्टर ने जहां कई मसलों पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को आड़े हाथों लिया तो वहीं पूर्व सीएम ने भी खट्टर सरकार पर कड़े सियासी प्रहार किए। लिहाजा सोमवार को अंबाला में सियासी पूरी तरह गरमाई रही।
पहले गलत किया, अब कार्रवाई से बौखलाए हुड्डा : खट्टर
अंबाला सिटी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पहले तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गलत काम किए और अब जब उन पर कार्रवाई की बात आ रही है, तो वह बौखला गए हैं। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार कभी बरदाश्त ही नहीं होगा। उनके अनुसार प्रदेश में भी भाजपा सरकार मोदी मंत्री न खाऊंगा, न खाने दूंगा पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस के तहत यदि कोई भी नेता भले ही वो विपक्ष का हो या भाजपा का या फिर कोई भी अफसर और कर्मचारी पकड़ा गया और जांच में उस पर आरोप साबित हो गए, तो उसे प्रदेश सरकार किसी कीमत पर बख्शेगी नहीं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुडडा ने विधानसभा में स्वयं मांग की थी कि जिस भी क्षेत्र में अनियमितताएं हुई हैं उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और उसमें दोषी पाये जाने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। हुडडा ने यह भी कहा था कि इस जांच में यदि मैं स्वयं दोषी पाया जाता हूं तो मेरे विरुद्ध भी कार्रवाई हो।
सीएम ने कहा कि अब जब घपलेबाजी की परतें खुलने लगी है और पूर्व सीएम हुड्डा उसमें फंसते दिख रहे हैं, तो वे बौखला क्यों रहे हैं। यदि हुड्डा ने कुछ नहीं किया तो उन्हें घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सीएम ने कहा कि पूर्व सरकार के घपलों की जांच विजिलेंस द्वारा की गई है और विजिलेंस की जांच में जिन लोगों के नाम आए हैं उनके विरुद्ध विजिलेंस द्वारा कार्रवाई की जा रही है और भाजपा बदले की भावना से कार्रवाई में विश्वास नहीं रखती। गुड़गांव में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्लाट आबंटन मामले में सीएम ने कहा कि जांच के लिए ढिंगरा आयोग गठित किया गया है और सभी पहलुओं की जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी होगा उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।