आम आदमी पार्टी ने अमृतसर के गांव अदलीवाल में हुई घटना पर दुख जताते हुए राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। चंडीगढ़ में हुई पार्टी बैठक में बम ब्लास्ट पर शोक प्रकट किया गया। सांसद भगवंत मान व प्रो. साधू सिंह, नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा और कोर कमेटी मेंबर प्रिंसिपल बुद्धराम ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। राज्य और केंद्र का गृह मंत्रालय, पुलिस प्रशासन व खुफिया एजेंसियां फेल हो चुकी हैं। जिसके चलते समाज विरोधी तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम देने में कामयाब हो जाते हैं। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह को ऐसी घटनाओं के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। साथ ही कहा कि या तो सीएम जिम्मेदारी से काम करें, या गृह विभाग किसी और मंत्री को दे दें।
पूर्व मंत्री कालिया ने की कड़ी निंदा
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने अमृतसर में निरंकारी भवन में हमले की कड़ी निंदा की है। कालिया ने कहा कि यह सब पंजाब की अमन शांति और आपसी भाईचारे को चोट पहुंचाने की दृष्टि से किया गया है। कालिया ने कहा कि सीएम अमरिंदर सिंह को राजनीतिक बदले लेने के बजाय पंजाब की सुरक्षा पर पहले ध्यान देना चाहिए।