महिला को थप्पड़ मारता पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के गुरदासपुर में महिला किसान को थप्पड़ मारने वाले पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। महिला किसान बीबी लखविंदर कौर निवासी चीमा खुड़ी ने बताया कि उनकी जमीन दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे में अधिग्रहित की गई। मगर अभी तक सरकार ने उनका पूरा मुआवजा नहीं दिया। थप्पड़ मारने वाला पुलिसकर्मी उसके बुजुर्ग पति से धक्का-मुक्की कर रहा था और जब वह अपने पति को छुड़ाने आई तो उसने मुझे थप्पड़ जड़ दिया।
वहीं, बटाला के एसपी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया था। मगर इसी दौरान कुछ शरारती किसानों ने पुलिस कर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान श्री हरगोबिंदपुर के डीएसपी गुरिंदर बीर सिंह के सिर पर चोट भी आई है। इसके अलावा महिला को थप्पड़ मारने वाले पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों का धरना खत्म
दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के खिलाफ किसानों ने गुरदासपुर के गांव थानेवाल में धरना दिया। दूसरे दिन धरने पर एसडीएम अमनदीप कौर पहुंचीं। उनके आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। किसानों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित जमीन का उचित मुआवजा नहीं मिला है। उधर, गुरदासपुर रेलवे स्टेशन पर दिनभर भारी पुलिस बल तैनात रहा। दरअसल, किसानों ने रेल रोको आंदोलन की कॉल दी थी। एसडीएम अमनदीप कौर ने बताया कि फिलहाल काम रोक दिया गया है। किसान यूनियन की पंजाब सरकार के साथ बैठक होगी। बैठक के दौरान जब तक यूनियन और सरकार के बीच सहमति नहीं बनती तब तक जमीन का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा।