जगरांव: चार संदिग्ध हिरासत में
लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने एडीजीपी एलके यादव की अगुवाई में जगरांव, रायकोट दाखा के नशा प्रभावित इलाकों में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्तियों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सर्च अभियान दौरान पुलिस ने थाना हठूर के अधीन गांव डल्ला एवं मल्ला, थाना सिधवां बेट के अधीन पड़ते गांव मलसिया बांजन, गांव कुलगहना, थाना दाखा के अधीन मोहल्ला प्रेम नगर एवं गांव जागपुर, थाना सिटी जगरांव के अधीन पड़ते मोहल्ला गांधी नगर के नशा प्रभावित इलाकों में सर्च अभियान चलाया है। अभियान दौरान पुलिस को नशा बेचने वाले लोगों के घरों से बिना कागजात के सात मोटरसाइकिल एवं पांच मोबाइल फोन मिले हैं।
बठिंडा: नशे व गैंगस्टरों के विरुद्ध तलाशी अभियान
बीड तलाब बस्ती में एडीजीपी नागेश्वर राव की अगुवाई में एसएसपी जे इलेनचेलियन समेत पुलिस फोर्स ने नशा तस्करों व गैंगस्टरों के विरुद्ध तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने ड्रोन की सहायता भी ली, ताकि कोई अपराधी व नशा तस्कर बच न सके। पुलिस के इस सर्च अभियान से जहां नशा तस्करों के विरुद्ध नकेल कसी गई, वहीं आपराधिक तत्वों व गैंगस्टरों में भी हलचल है।
बीड़ तलाब बस्ती पहले से ही अवैध शराब के लिए बदनाम है। एडीजीपी जी नागेश्वर राव व एसएसपी जे इलेनचेलियन ने बीड़ तलाब में सुबह 11 बजे से लेकर शाम चार बजे तक सर्च अभियान चलाया। पुलिस की इस टीम में एसपी रैंक के पांच अधिकारी, 10 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी के साथ 250 से अधिक पुलिस कर्मी शामिल हुए।
मंगलवार को पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी थी। पुलिस की टीम में महिला पुलिस भी शामिल की गई, जिन्होंने गांव की महिलाओं की तलाशी ली। पुलिस के हाथ 6 ग्राम हेरोइन, 200 किलो लाहन, 32 बोर की पिस्टल और 315 बोर की बंदूक भी हाथ लगी। पुलिस ने दो मामले भी दर्ज किए। दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया और एनडीपीसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।